बिहार में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और बुधवार, 5 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इनमें दो जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, जबकि आठ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया गया है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अररिया और सुपौल में अति भारी बारिश होने की संभावना है। इन दोनों जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़क संपर्क बाधित होने और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अररिया और सुपौल के अलावा किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी समेत कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से बिजली चमकने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर न रहने की अपील की है।
राजधानी पटना में बुधवार को आसमान में बादलों का डेरा बना रहेगा। दिनभर रुक-रुक कर बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को उमस से राहत मिल सकती है। हालांकि, सुबह और शाम के समय कुछ इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहेगी।








Be First to Comment