मुजफ्फरपुर: 23 जुलाई की शाम नीट परीक्षा में कथित धांधली और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में निकाले गए प्रदर्शन के दौरान समाहरणालय परिसर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घ’टनाओं के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक पुलिस ने आठ संदि’ग्ध उपद्र’वियों की पहचान की है और उनकी तस्वीरें सार्वजनिक कर आम लोगों से सहयोग की अपील की है।


वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 जुलाई 2026 की शाम जिला समाहरणालय परिसर एवं अन्य स्थानों पर प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों/उपद्रवियों द्वारा सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने की घटनाएं सामने आई थीं। मामले की जांच के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पर उपलब्ध तस्वीरों और अन्य साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर रही है।

पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए आमजन से अपील की है कि यदि प्रकाशित तस्वीरों में किसी भी व्यक्ति की पहचान होती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

एसएसपी कार्यालय ने घोषणा की है कि प्रकाशित तस्वीरों में अंकित किसी भी उपद्रवी की पहचान बताने या उसके संबंध में ठोस सूचना उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को ₹10,000 (दस हजार रुपये) का पुरस्कार दिया जाएगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्तियों से नियमानुसार जुर्माना (हर्जाना) की राशि की वसूली की जाएगी। जिन लोगों की संलिप्तता जांच में सामने आएगी, उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि जारी तस्वीरों में किसी भी संदिग्ध की पहचान होती है या उनके संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध हो, तो तत्काल जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष – 9431896700 पर संपर्क करें।
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
















Be First to Comment