अगर आपके पास कोई ऐसा नया आइडिया है जो समाज की किसी समस्या का समाधान कर सकता है, तो अब उसे पहचान दिलाने का बेहतरीन अवसर है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) की इंस्पायर अवार्ड-मानक (INSPIRE Award-MANAK) योजना के तहत बिहार के सरकारी, निजी और अनुदानित विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों से नवाचार (Innovation) आमंत्रित किए गए हैं।
इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को अपने आइडिया का प्रोटोटाइप (मॉडल) तैयार करने के लिए 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में दी जाएगी। इस संबंध में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक प्रशांत कुमार सीएच ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (SSA) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
जारी निर्देश के अनुसार, राज्य के सभी मान्यता प्राप्त सरकारी, निजी एवं अनुदानित विद्यालय अपने यहां आयोजित प्रतियोगिता के माध्यम से अधिकतम पांच सर्वश्रेष्ठ नवाचारों का चयन करेंगे। चयनित परियोजनाओं को 15 जुलाई से 15 सितंबर 2026 के बीच ईएमआईएएस (E-MIAS) पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।
इसके बाद विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार विशेषज्ञों की मदद से इन नवाचारों का मूल्यांकन करेगा। जिन विद्यार्थियों के आइडिया चयनित होंगे, उन्हें अपने मॉडल को विकसित करने के लिए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।














Be First to Comment