भागलपुर जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक के साथ उसकी पत्नी और कथित प्रेमिका आमने-सामने आ गईं। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में हाथापाई और मारपीट में बदल गई। घटना को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपनी पत्नी के साथ कहीं जा रहा था। इसी दौरान उसकी कथित प्रेमिका वहां पहुंच गई। तीनों के बीच पहले बहस हुई, जिसके बाद पत्नी और कथित प्रेमिका के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही ललमटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार, किसी भी पक्ष की ओर से इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। इसके बाद दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया और आवश्यक पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया गया।फिलहाल इस मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि यदि भविष्य में किसी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त होती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।











Be First to Comment