भारत में डिजिटल पेमेंट का दौर लगातार तेज हो रहा है. अब UPI सिर्फ पैसे ट्रांसफर करने का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि जल्द ही यह लोगों के लिए तत्काल क्रेडिट यानी डिजिटल उधार का भी बड़ा प्लेटफॉर्म बन सकता है. इसी कड़ी में एक नई सुविधा CLOU (Credit Line on UPI) चर्चा में है, जो बैंक खाते में पैसा नहीं होने पर भी UPI से भुगतान करने की सुविधा देती है.
यानी अगर आपके खाते में 0 बैलेंस है, तब भी आप दुकान, मेडिकल स्टोर या अन्य जगहों पर QR कोड स्कैन कर भुगतान कर सकेंगे. सबसे खास बात यह है कि इसके लिए आपको किसी क्रेडिट कार्ड की जरूरत नहीं होगी. यही वजह है कि इस नई सुविधा को UPI सिस्टम का अगला बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
दरअसल CLOU एक तरह की Pre-Approved Credit Line होती है. आसान भाषा में समझें तो बैंक या वित्तीय संस्था पहले से ही आपके लिए एक निश्चित लोन लिमिट मंजूर कर देती है. जरूरत पड़ने पर आप उसी लिमिट का इस्तेमाल UPI पेमेंट के लिए कर सकते हैं।

मान लीजिए आपके बैंक खाते में एक भी रुपया नहीं है, लेकिन बैंक ने आपको 50,000 की क्रेडिट लाइन उपलब्ध कराई है. ऐसे में यदि आपको 5,000 का भुगतान करना है, तो UPI ट्रांजैक्शन सामान्य तरीके से पूरा हो जाएगा. फर्क सिर्फ इतना होगा कि पैसा आपके सेविंग अकाउंट से नहीं बल्कि बैंक द्वारा दी गई क्रेडिट लाइन से कटेगा.
यही कारण है कि इस सुविधा को छोटे व्यापारियों, दुकानदारों, फ्रीलांसरों, डिलीवरी पार्टनर्स और गिग वर्कर्स के लिए बेहद उपयोगी माना जा रहा है. अक्सर ऐसे लोगों को अचानक भुगतान करने की जरूरत पड़ जाती है, लेकिन बैंक बैलेंस पर्याप्त नहीं होता. CLOU के जरिए वे बिना किसी परेशानी के तत्काल भुगतान कर सकेंगे.

हालांकि कई लोग इसे क्रेडिट कार्ड जैसा समझ रहे हैं, लेकिन दोनों में बड़ा अंतर है. क्रेडिट कार्ड के लिए अलग कार्ड जारी किया जाता है, जिसकी बिलिंग साइकिल, शुल्क और नियम अलग होते हैं. वहीं CLOU पूरी तरह डिजिटल सुविधा है, जो सीधे आपके बैंक खाते और UPI ऐप से जुड़ी रहती है. इसमें किसी फिजिकल कार्ड की आवश्यकता नहीं होती.













Be First to Comment