Press "Enter" to skip to content

बिहार में घने कोहरे से दरभंगा एयरपोर्ट ठप!, 8 फ्लाइट्स रद्द, 1240 यात्री हुए प्रभावित

दरभंगा: बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर घने कोहरे का कहर जारी है. कम विजिबिलिटी के कारण पिछले एक सप्ताह से उड़ानें प्रभावित हो रही हैं, जिससे यात्रियों को देरी, कैंसिलेशन और रिशेड्यूलिंग का सामना करना पड़ रहा है. उत्तर भारत में छाए घने कोहरे ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है.

शनिवार को स्पाइसजेट की दो उड़ानें ही संचालित

शनिवार को दरभंगा एयरपोर्ट से स्पाइसजेट ने दिल्ली और मुंबई के लिए एक-एक उड़ान का संचालन किया. मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की उड़ान एसजी-334 निर्धात समय से चार मिनट पहले पहुंची, जबकि दिल्ली से आने वाली उड़ान एसजी-495 करीब 40 मिनट पहले लैंड हुई. इंडिगो और अकासा एयर की सभी उड़ानें रद्द रहीं.

उड़ानों के रद्द होने से 1240 यात्री प्रभावित

शनिवार को कुल चार जोड़ी उड़ानों के रद्द होने से करीब 1240 से अधिक यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई. राहत की बात यह रही कि एयरलाइंस ने कैंसिलेशन की सूचना पहले ही मोबाइल मैसेज और सूचना पट के माध्यम से दे दी थी, जिससे यात्रियों को ज्यादा असुविधा नहीं हुई. एयरपोर्ट पहुंचे यात्री सूचना मिलते ही वापस लौट गए.

शुक्रवार को सभी उड़ानें रद्द

शुक्रवार को घने कोहरे के कारण कोई विमान लैंड नहीं कर सका, जिससे दरभंगा एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं. यात्री मनोज पोद्दार ने बताया कि एयरलाइन ने रिशेड्यूलिंग की कोई उचित व्यवस्था नहीं की और न ही खाने-पीने का इंतजाम किया. सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक इंतजार के बाद भी कोई मदद नहीं मिली.

एयरलाइंस पर मनमानी का आरोप

एक अन्य यात्री अभिषेक कुमार ने कहा कि फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी पहले दी जाती तो वैकल्पिक व्यवस्था कर घर लौट जाते. एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए कोई सुविधा नहीं प्रदान की. एयरपोर्ट डायरेक्टर के आने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला. यात्रियों ने डीजीसीए नियमों का हवाला देते हुए एयरलाइंस की लापरवाही पर सवाल उठाए.

इंडिगो की हैदराबाद-दरभंगा उड़ान कोलकाता डायवर्ट

शुक्रवार को हैदराबाद से दरभंगा आ रही इंडिगो की उड़ान को खराब मौसम के कारण कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया. इंडिगो अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित हैदराबाद वापस भेजा गया और वैकल्पिक व्यवस्था की गई. कोलकाता एयरपोर्ट पर कुछ यात्रियों ने हंगामा भी किया.

एयरपोर्ट प्रबंधन की यात्रियों से अपील

दरभंगा एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है. घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम होने से उड़ानें प्रभावित हो रही है. एयरलाइंस ने भी यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह दी है. मौसम सुधार तक यह स्थिति जारी रहने की संभावना है.

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from DARBHANGAMore posts in DARBHANGA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *