Press "Enter" to skip to content

बिहार के इन जिलों में कुहासे के साथ सर्दी का अलर्ट; कैसा रहेगा मौसम

पटना : बिहार में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। तापमान में गिरावट आ रही है तो सर्दी धीरे-धीरे अपना प्रभाव बढ़ा रही है। मौसम विभाग ने कहा था कि 15 नवम्बर के बाद सर्दी बढ़ेगी। इसका असर दिखने लगा है। राज्य के नौ जिलों में घने कुहासे के साथ सर्दी ने दस्तक दे दिया है। मौसम विभाग की ओर से इन जिलों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है। मोटा मोटी एक डिग्री तापमान ऊपर नीचे हो रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अगले तीन दिनों तक दिन और रात के तापमान में खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। इस बीच फेंगल तूफान का असर बिहार में नहीं दिखने की जानकारी दी गयी है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार को राज्य के नौ जिलों में घने कोहरे की स्थिति रहेगी। इसमें सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और भागलपुर में घने स्तर का कोहरा छाने का येलो अलर्ट है। पटना के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट आई। सुबह साढ़े पांच बजे तक मौसम साफ था, लेकिन इसके बाद आसमान कोहरे से भर गया और दृश्यता धीरे धीरे कम होने लगी। बात अगर पारे की करें तो राजधानी पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि बुधवार को ये 25.9 डिग्री थी।

पटना सहित सूबे के कई जिलों में गुरुवार को मध्यम से घने स्तर का कोहरा छाने से जनजीवन पर असर पड़ा। वैशाली, पटना सहित उत्तर और दक्षिण बिहार के अधिकतर जिलों दिन के दस बजे के बाद तक कोहरे और धुंध की स्थिति बनी रही। इससे यातायात सेवाएं बाधित हुईं। वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट से ठंड में बढ़ोतरी हुई। राज्य में दूसरी बार गुरुवार को फिर से न्यूनतम पारा दस डिग्री के नीचे आया।

चक्रवाती तूफान फेंगल को लेकर कहा जा रहा थी कि बिहार में इसका असर दिख सकता है। लेकिन पटना के मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि इसका असर यहां नहीं होगा। हालांकि शनिवार या रविवार से दक्षिण बिहार के कुछ जिलों गया, नवादा, जमुई, नालंदा, पटना, औरंगाबाद और रोहतास में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।

Share This Article

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *