बिहार के मोतिहारी जिले में बुधवार को लॉकडाउन का पालन कराने गई पुलिस पर गांव के लोगों ने हमला कर दिया। महिला पुलिसकर्मी समेत पुलिस के जवानों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। महिला समेत सात पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। दो को गंभीर चोट लगी है। घटना पकड़ीदयाल के सिसहनी गांव की है। गांव के 20 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
लाठी मारकर तोड़ दिया हाथ
एक घायल पुलिसकर्मी ने बताया कि हमलोग गश्त पर गए थे। सिसहनी गांव के चौक पर बिना हेलमेट और मास्क पहने बाइक चला रहे एक युवक को रोका था। उसे कहा कि बिना मास्क के घर से नहीं निकलें। इससे महामारी फैलेगी। इसी दौरान बड़ी संख्या में गांव के लोग जुट गए। एक-दो दबंग था, जिसके कहने पर लोग ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसी बीच एक लड़का आया और लाठी से मेरे हाथ पर मारा, जिससे मेरा हाथ टूट गया।
पूर्वी चंपारण के एसपी नवीन चंद्र झा ने कहा कि बाइक सवार को हमारे पुलिसकर्मियों द्वारा समझाया जा रहा था। उससे कहा जा रहा था कि लॉकडाउन का उल्लंघन न करें तभी कुछ लोगों द्वारा पुलिस के जवानों पर ईंट, पत्थर और लाठी से हमला कर दिया गया।
पुलिस ने शराब की भट्ठियों को किया था नष्ट
घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए पकड़ीदयाल पीएचसी ले जाया गया। गंभीर रूप से जख्मी दो पुलिसकर्मियों को मोतिहारी रेफर किया गया है। इनके हाथ और सिर में चोट आई है। एएसपी और डीएसपी गांव में कैंप कर रहे हैं। इस गांव में तीन दिन पहले पुलिस शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ छापेमारी करने गई थी। पुलिस ने शराब निर्माण के लिए बनी भट्ठियों को नष्ट किया था।
Source: Bhaskar






Be First to Comment