Press "Enter" to skip to content

रोज साइकिल से और पैदल घर लौट रहे सैकड़ों प्रवासी मजदूर; इनमें से कुछ अपने साथ ला रहे कोरोना का संक्रमण, 36 पॉजिटिव मिले

कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन फेज-2 का आज 15वां दिन है। लॉकडाउन के चलते सबसे अधिक प्रभावित प्रवासी मजदूर हुए हैं। बिहार के लाखों मजदूर दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और देश के अन्य राज्यों में फंसे हैं। इन्हें वापस लाने के संबंध में राज्य सरकार के स्तर पर फैसला नहीं हुआ है। दूसरी ओर रोज सैकड़ों मजदूर पैदल, साइकिल या किसी और वाहन से बिहार आ रहे हैं। इन मजदूरों में से कुछ अपने साथ कोरोना का संक्रमण भी ला रहे हैं। मंगलवार को 20 नए मरीज मिले, जिनमें अधिकतर प्रवासी मजदूर हैं। इनमें सर्वाधिक पांच-पांच मामले पटना, मधुबनी और औरंगाबाद जिले के हैं। बाहर से आने वाले लोगों में 36 पॉजिटिव मिले हैं। बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 392 हो गई है। 65 मरीज स्वस्थ हुए हैं। बुधवार को 26 नए मरीज मिले, इनमें 12 बक्सर, 5 पश्चिमी चंपारण, 4 दरभंगा, 2 रोहतास, 2 बेगूसराय और 1 पटना जिले के हैं।

पटना: स्लम बस्तियों में स्क्रीनिंग शुरू
पटना में कोरोना से 40 लोग संक्रमित हुए हैं। कोरोना संदिग्धों की खोज के लिए पटना की स्लम बस्तियों में स्क्रीनिंग शुरू हो गई है। डोर-टू-डोर स्वास्थ्य सर्वेक्षण करने वाली टीम स्लम बस्तियों में लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही है। राजाबाजार स्थित मछली गली में दो कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिला प्रशासन ने शेखपुरा मोड़ से लेकर जगदेव पथ तक राजाबाजार फ्लाईओवर के नीचे सख्ती बढ़ा दी है। शेखपुरा मोड़ से राजा बाजार की ओर आने-जाने वाले हर शख्स से पूछताछ हो रही है। इन मोहल्लों में बाहर के लोगों के प्रवेश पर रोक है। वहीं, आशियाना मोड़ से जगदेव पथ तक फ्लाईओवर के नीचे पहले से ही वन-वे है। जिले के 11 कंटेनमेंट जोन में होम डिलिवरी के माध्यम से लोगों को आवश्यक सामाग्री की आपूर्ति की जा रही है।

गोपालगंज: 6 नए मरीज मिलने से खतरा बढ़ा
गोपालगंज में कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। संक्रमितों की संख्या 18 हो गई है। 6 नए मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मरीजों के गांव को हाई अलर्ट जोन घोषित कर दिया है। पुलिस ने सभी मरीजों के गांव के तीन किलोमीटर तक आने वाले गांव को सील कर दिया है। अब तक सबसे ज्यादा 5 मरीज भोरे प्रखंड में मिले हैं।

कैमूर: कोरोना संक्रमितों की संख्या 18
कैमूर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 18 हो गई है। मंगलवार को चार नए मरीज मिले। 18 संक्रमितों में से 4 पुलिसकर्मी हैं। संक्रमितों की चेन खंगालने में जिला प्रशासन जुटा है। जीआरपी थाना डेहरी ऑन सोन में पोस्टेड एसआई के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके गांव अखिनी को प्रशासन ने सील कर दिया है। उनके परिजनों को भभुआ में क्वारैंटाइन कर दिया गया है।

जहानाबाद: तीन नए मरीज मिलने से दहशत
जहानाबाद में कोरोना संक्रमित तीन नए मरीज मिलने से दहशत है। काको प्रखंड के उतरसेरथू, खालिसपुर और मखदुमपुर प्रखंड के चंदु बिगहा में बाहर से आए लोगों में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई। उतरसेरथू व चंदु बिगहा गांव के तीन किलोमीटर के दायरे को सील कर सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। संक्रमित मरीजों के परिवारों व उनके संपर्क में आए अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

Source: bhaskar

Share This Article
More from BREAKING NEWSMore posts in BREAKING NEWS »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *