Press "Enter" to skip to content

कोरोना से पश्चिम चंपारण और समस्तीपुर के युवक की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

कोरोना से सूरत और हैदराबाद में दो युवकों की मौत हो गई। इसमें एक पश्चिम चंपारण और दूसरा समस्तीपुर जिले का निवासी था। इसकी सूचना मिलते ही पीडि़त परिवारों में कोहराम मच गया।

पश्चिम चंपारण : भितहां थाना क्षेत्र की भूइधरवा पंचायत का उक्त युवक ( 30) 14 साल से सपरिवार सूरत में रहता था। वह हृदय रोगी था। तबीयत खराब थी। शनिवार को स्वजन प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां से सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोरोना के लक्षण मिलने पर जांच की गई। रविवार शाम उसकी मौत हो गई। उसके चचेरे ससुर ने कोरोना से मौत की पुष्टि की। बताया कि रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। भूइधरवा पंचायत के मुखिया पति चंदेश्वर सिंह ने कहा कि लोगों से सतर्कता बरतने को कहा गया है।

समस्तीपुर : बंगरा थाना क्षेत्र की कोठिया पंचायत के एक युवक की कोरोना संक्रमण से हैदराबाद में मौत हो गई। इसकी पुष्टि हैदरराबाद पुलिस प्रशासन और युवक के स्वजनों ने की है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने अनभिज्ञता जताई है। स्वजन की मानें तो युवक मॉल में काम करता था। वर्षों से अकेले रहता था। हैदराबाद पुलिस ने फोन पर बताया कि तीन दिन पहले तबीयत बिगड़ी तो एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में पॉजिटिव मिला।

इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गई। पुलिस की देखरेख में वहां पर ही अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। युवक के चचेरे भाई ने कहा कि मॉल का मालिक सही से बात नहीं कर रहा है। हालांकि, पुलिस ने उससे पूछताछ की है। बंगरा थानाध्यक्ष अनिल कुमार और बीडीओ विनोद आनंद ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। वहीं, डीएम शशांक शुभंकर ने कहा मामला सामने आने पर जांच कराएंगे।

Source: Jagran

Share This Article

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *