मुजफ्फरपुर: जानकारी के अनुसार, नगर थाना पुलिस असमंजस में है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों पर खाली करने के लिए कैसे दबाव डाला जाए। इसकी वजह यह है कि नगर थाना पुलिस ने खुद सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रखा है। 
नगर निगम ने नोटिस देकर तीन दिनों में अतिक्रमण खाली करने का निर्देश दिया है। अन्यथा जुर्माना वसूला जाएगा। म्किली जानकारी के अनुसार, स्मार्ट सिटी से रोड और नाला निर्माण के लिए सड़क की जमीन की मापी कराई जा रही है। बीते दिनों नगर थाने के पास रोड की जमीन मापी की गई थी। इसमें नगर थाने की बाउंड्री के एक मीटर अंदर तक नगर निगम का फीता गिरा था।
हालांकि नगर थाने की बाउंड्री पर लाल निशान नहीं लगा है। मापी के बाद नगर निगम ने नगर थाने की चहारदीवारी पर अतिक्रमण हटाने का नोटिस चिपका दिया है।
मोतीझील से तिलकमैदान रोड होकर सरैयागंज तक एक दर्जन जगहों पर यह नोटिस चिपकाया गया है, जिसमें कहा गया है कि रोड व नाला निर्माण के लिए सड़क की मापी कराई गई थी, जिसमें अतिक्रमण वाले भाग पर लाल निशान लगाया जा रहा है।
लाल निशान लगने के बाद तीन दिन के अंदर अतिक्रमण को खाली कर दें अन्यथा अवधि समाप्त होने के बाद अस्थायी अतिक्रमण के लिए पांच हजार रुपये और स्थायी अतिक्रमण के लिए 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला जायेगा।
खबरों के अनुसार, नगर आयुक्त ने बताया कि डीएम आवास से कंपनीबाग, सरैयागंज टावर होते हुए पंकज मार्केट तक, कंपनीबाग से कचहरी रोड, बैंक रोड होकर धर्मशाला चौक, इस्लामपुर रोड, धर्मशाला चौक से मोतीझील होकर कल्याणी और हरिसभा चौक तक, टाउन थाना चौक से तिलकमैदान रोड होकर सरैयागंज व अखाड़ाघाट तक और सूतापट्टी में स्मार्ट सिटी से रोड, नाला का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें रोड के चौड़ीकरण और नाले का सुदृढीकरण होना है।
स्मार्ट सिटी के अधिकारी और नगर निगम के अमीन रोड की सरकारी जमीन नक्शे के अनुसार चिह्नित कर रहे हैं। कई जगहों पर रोड की जमीन पर अतिक्रमण पाया गया है। सभी अतिक्रमण को खाली कराया जायेगा।











Be First to Comment