पटना : राजधानी में लगातार हो रहीं आपराधिक वारदातों को लेकर पुलिस थोड़ी संजीदा होती दिख रही है। लूट के दो मामलों में पुलिस ने 10 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पिछले दिनों राजधानी के अगमकुआं स्थित लोटस ट्री प्राइवेट लिमिटेड के 50 लाख रुपए लूट के मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस लूट कांड को प्रोफेशनल गैंग ने अंजाम दिया था।

पंजाब नेशनल बैंक में 50 लाख जमा कराने जा रहे कंपनी के स्टाफ से पेट्रोल पंप के पास अपराधियों ने 25 अक्टूबर को रकम लूट ली थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को दबोचा है। इनके पास से दो देशी पिस्टल, तीन मैगजीन, 20 राउंड जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

इधर, दूसरी तरफ पुलिस ने गोपालपुर थाना इलाके में हुए डकैती कांड का भी खुलासा किया है। 24 और 25 अक्टूबर की रात गोपालपुर थाने के बुटाई टोला स्थित मनोहरपुर कछुआरा में विजेंद्र प्रसाद के घर में घुसकर अपराधियों ने डकैती की बड़ी घटना को अंजाम दिया था।

इस मामले में भी पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि गिरफ्तार अपराधियों में संजीत कुमार उर्फ संतोष उर्फ सूखा भी शामिल है। वह राजीव नगर थाना इलाके से बहुचर्चित पंचवटी ज्वेलर्स डकैती कांड में फरार चल रहा था। उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोपालपुर में डकैती की घटना को अंजाम दिया था।


















Be First to Comment