जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी के सांसदों के साथ दिल्ली में बैठक ली. नीतीश कुमार ने सांसदों के साथ बिहार के विकास, जनहित से जुड़े विषयों एवं समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर महत्वपूर्ण चर्चा की. खबर है कि इस द्रौरान उन्होंने अपने सांसदों के साथ वन-टू-वन चर्चा की.नई दिल्ली में नीतीश कुमार ने सांसदों के साथ प्रदेश से जुड़े विकास और जनहित के मुद्दों को मजबूती से सदन के पटल पर उठाने के निर्देश के साथ चर्चा की. साथ ही जदयू सांसदों से बिहार के हितों और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को दोनों सदनों में प्रभावी ढंग से उठाने तथा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया.
नीतीश कुमार के साथ बैठक में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा, सांसद दिलेश्वर कामत, देवेश चंद्र ठाकुर, कौशलेंद्र कुमार, डॉ आलोक सुमन, सुनील कुमार, विजयलक्ष्मी देवी, रामप्रीत मंडल के साथ ही विधान परिषद् में पार्टी के उप-नेता सह पार्टी कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ मौजूद थे.
राज्यसभा के सांसद बनने के बाद नीतीश कुमार राज्यसभा की कार्यवाही में भाग लेने के लिए इन दिनों दिल्ली में हैं. हालांकि आज की बैठक में कुछ सांसद मौजूद नहीं थे, जिसमें सांसद लवली आनंद भी नजर नहीं आयीं. लवली आनंद के बैठक में न पहुंचने पर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है.













Be First to Comment