WhatsApp अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक बड़ा बदलाव लेकर आया है. अब किसी नए व्यक्ति से बातचीत शुरू करने के लिए मोबाइल नंबर शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कंपनी ने नया Username फीचर पेश किया है, जिसके जरिए यूजर्स अपना फोन नंबर छिपाकर सिर्फ यूजरनेम के जरिए चैट कर सकेंगे.
इस नए फीचर को WhatsApp की प्राइवेसी को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. कंपनी ने बताया है कि यूजर्स अब अपना पसंदीदा यूजरनेम पहले से रिजर्व कर पाएंगे. हालांकि यह सुविधा अभी धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचाई जाएगी। कंपनी की ओर से कहा गया है कि जिन देशों में यह फीचर उपलब्ध होगा, वहां यूजर्स को ऐप के अंदर नोटिफिकेशन के जरिए इसकी जानकारी दी जाएगी।
अभी तक WhatsApp पर किसी से बातचीत करने के लिए उसका मोबाइल नंबर होना जरूरी होता था. अगर आप किसी नए व्यक्ति से जुड़ते थे तो आपका नंबर सामने वाले को दिखाई देता था.
लेकिन नए फीचर के बाद यूजर्स अपना एक अलग यूजरनेम बना सकेंगे. इसके बाद कोई नया व्यक्ति आपसे पहली बार संपर्क करेगा तो उसे आपका मोबाइल नंबर दिखाई नहीं देगा. इससे निजी नंबर को हर किसी के साथ शेयर करने की परेशानी कम होगी। WhatsApp का कहना है कि आज कई लोग ऑफिस, कॉलेज, इवेंट या अलग-अलग ग्रुप में नए लोगों से जुड़ते हैं, लेकिन वे अपना निजी नंबर शेयर नहीं करना चाहते. इसी जरूरत को देखते हुए यह फीचर लाया गया है।














Be First to Comment