मधुबनी : बिहार के मधुबनी में एक शिक्षक पर छात्राओं ने छेड़खानी का आरोप लगाया. इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी टीचर की जूता-चप्पल से पिटाई कर दी. मामला खजौली प्रखंड अंतर्गत एक प्राथमिक विद्यालय का है. वहीं आरोपी शिक्षक का कहना है कि यह आरोप सरासर गलत हैं. हम बच्चों को बेटी जैसा मानते हैं.

शिक्षक की हुई पिटाई
विद्यालय की छात्राओं ने आरोप लगाया है कि शिक्षक के द्वारा छात्राओं के साथ-साथ महिला शिक्षिका के साथ भी गंदी हरकत की जाती है. विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक पर छात्राओं द्वारा छेड़खानी का आरोप लगाए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई.

अभिभावक ने किया हंगामा
आरोप सामने आते ही बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण स्कूल परिसर में एकत्रित हो गए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ जमकर हंगामा किया. इस दौरान गुस्साए लोगों ने शिक्षक की जूता-चप्पल से पिटाई भी कर दी. घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो गई.

पुलिस ने स्थिति को किया नियंत्रित
हंगामा और शिक्षक की पिटाई की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. बहरहाल शिक्षा के मंदिर में शिक्षक द्वारा छेड़खानी की घटना से स्थानीय लोगों में आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारी आक्रोश है और लोग कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

‘शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी’
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है. प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मधुकांत प्रसाद ने बताया कि मामले की सूचना प्राप्त हुई है. लेकिन पंचायत समिति की बैठक रहने के कारण मैं नहीं जा पाया हूं. मामले की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.













Be First to Comment