Press "Enter" to skip to content

गणतंत्र दिवस पर बिहार की ‘सोलर दीदी’ को राष्ट्रपति का निमंत्रण, पति संग हवाई जहाज से जाएंगी दिल्ली

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुज़फ्फरपुर जिले के बोचहा प्रखंड अंतर्गत ककराचक गांव की रहने वाली ‘सोलर दीदी’ के नाम से मशहूर देवकी देवी के लिए यह पल किसी सपने से कम नहीं है. देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति की ओर से उन्हें गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण मिला है.

सोलर दीदी को राष्ट्रपति का निमंत्रण

देवकी दीदी को ये निमंत्रण पत्र राष्ट्रपति भवन की ओर से डाक के माध्यम से उनके घर भेजा गया, जिसमें देवकी देवी और उनके पति सुनील कुमार को 26 जनवरी को दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है.

गांव में खुशी की लहर

सबसे खास बात यह है कि इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान देवकी देवी के पति सुनील कुमार पहली बार हवाई जहाज से सफर करेंगे, जबकि स्वयं देवकी देवी तीसरी बार फ्लाइट से यात्रा करेंगी. राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण मिलने की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई.

डाक विभाग ने घर पहुंचाया राष्ट्रपति का निमंत्रण 

राष्ट्रपति भवन से भेजा गया निमंत्रण पत्र बोचहा प्रखंड के ककराचक गांव में डाक विभाग के उप डाकपाल कमल किशोर पांडे और पोस्टमास्टर मिथिलेश कुमार द्वारा स्वयं देवकी देवी के घर जाकर सौंपा गया. राष्ट्रपति भवन का पत्र हाथ में लेते ही देवकी देवी भावुक हो गईं. उन्होंने बताया कि यह उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है.

आने-जाने की फ्लाइट का टिकट

देवकी देवी ने कहा कि उन्हें और उनके पति को दिल्ली आने-जाने के लिए सरकार की ओर से एयर इंडिया की फ्लाइट का टिकट उपलब्ध कराया गया है. वे 25 जनवरी को पटना से दिल्ली जाएंगे और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के बाद 26 जनवरी की ही शाम दिल्ली से पटना लौटेंगे.

राष्ट्रपति से मिलने का मिलेगा अवसर

देवकी देवी ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान उन्हें राष्ट्रपति से मिलने का भी अवसर मिलेगा. इसे लेकर पूरा परिवार बेहद उत्साहित है. उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि एक दिन राष्ट्रपति भवन से उन्हें बुलावा आएगा.

सिंचाई कर लौटते वक्त मिली जानकारी

 देवकी देवी ने बताया कि उन्हें राष्ट्रपति भवन से पत्र मिलने की जानकारी तब हुई जब वह खेत में सिंचाई का काम निपटाकर घर लौटी थीं. उसी दौरान डाकघर से उन्हें फोन आया कि राष्ट्रपति भवन से उनके नाम कोई महत्वपूर्ण पत्र आया है.

डाककर्मियों ने घर पहुंचकर सौंपा लेटर

कुछ देर बाद जब डाककर्मी उनके घर पहुंचे और राष्ट्रपति भवन का लिफाफा सौंपा, तब उन्हें विश्वास हुआ कि यह सच है. उन्होंने बताया कि उन्हें फोन पर ही फ्लाइट टिकट की जानकारी भी दे दी गई थी. गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली जाना उनके लिए जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है.

पीएम और सीएम से पहले ही कर चुकी हैं मुलाकात

देवकी देवी इससे पहले भी देश और राज्य के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर चुकी हैं. उन्होंने बताया कि उन्हें 25 मई 2025 को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का अवसर मिला था. इसके अलावा वह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात कर चुकी हैं.

गांव में जश्न का माहौल

राष्ट्रपति भवन से निमंत्रण मिलने के बाद ककराचक गांव में उत्सव जैसा माहौल है. गांव के लोग देवकी देवी को बधाई देने उनके घर पहुंच रहे हैं. गांव की महिलाओं को खास तौर पर गर्व है कि उनके गांव की बहू ने पूरे देश में पहचान बनाई है. देवकी देवी ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि पूरे गांव और समाज का है. गांव के बुजुर्गों से लेकर युवा और महिलाएं सभी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं.

पति सुनील कुमार भी गर्व से भावुक

देवकी देवी के पति सुनील कुमार ने कहा कि राष्ट्रपति की ओर से निमंत्रण मिलना उनके परिवार के लिए अविश्वसनीय खुशी का क्षण है. उन्होंने बताया कि समाज के लोग कह रहे हैं कि देवकी देवी ने किसानों के हित में बहुत अच्छा काम किया है, इसी वजह से आज उन्हें यह सम्मान मिल रहा है. सुनील कुमार ने कहा कि वह पहली बार फ्लाइट से सफर करेंगे, जिसे लेकर वह भी बेहद उत्साहित हैं.

सोलर दीदी की संघर्षों से सफलता तक की कहानी

देवकी देवी की सफलता की कहानी संघर्षों से भरी रही है. साल 2022 उनके जीवन में सबसे कठिन दौर लेकर आया. उसी साल उनके पति की नौकरी छूट गई और एक भीषण आगजनी की घटना में उनका घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया. परिवार आर्थिक तंगी में डूब गया था और दो वक्त की रोटी का इंतजाम करना भी मुश्किल हो गया था.

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *