पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में करारी हार के बाद पिछले दो महीने से राजनीतिक परिदृश्य से गायब चल रहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अब एक्टिव नजर आ रहे हैं. आज उन्होंने आरजेडी सांसदों के साथ समीक्षा बैठक की. हालांकि बहन रोहिणी आचार्य ने इसे ‘दिखावा’ करार दिया है. उन्होंने भाई को कड़े फैसले लेने की नसीहत दी है.

तेजस्वी पर रोहिणी का तंज
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर आरजेडी की समीक्षा बैठक पर तंज कसा है. उन्होंने तेजस्वी यादव को नसीदत देते हुए लिखा कि समीक्षा बैठक का दिखावा करने से बेहतर है कि आप आत्ममंथन करें और जिम्मेदारी लें. उन्होंने राज्यसभा सांसद संजय यादव जैसे नेताओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि आसपास जो गिद्ध लोग कब्जा जमाकर बैठे हैं, उनके खिलाफ एक्शन लेने की हिम्मत दिखाएं.

तेजस्वी ने की समीक्षा बैठक
आज पटना प्रदेश कार्यालय में तेजस्वी यादव ने सभी आरजेडी सांसदों के साथ समीक्षा बैठक की. जिसमें बहन मीसा भारती और उनके करीबी राज्यसभा सांसद संजय यादव समेत तमाम लोकसभा और राज्यसभा सांसद भी मौजूद थे. इस दौरान हार की समीक्षा और पार्टी की आगामी रणनीति पर रायशुमारी हुई.

25 सीटों पर सिमटा आरजेडी
राष्ट्रीय जनता दल को हालिया विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा. 243 सदस्यीय विधानसभा में महज 25 सीटों पर जीत मिली, जबकि पार्टी ने 144 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे. 2010 चुनाव के बाद ये सबसे खराब प्रदर्शन है, उस चुनाव में 22 सीटें मिली थी.

नाराज चल रही हैं रोहिणी
विधानसभा चुनाव के पहले से ही रोहिणी आचार्य नाराज चल रही हैं. हालांकि उन्होंने पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया था लेकिन हार के बाद से लगातार मुखर हैं. 15 नवंबर को उन्होंने एक्स हैंडल पर राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने का ऐलान किया था.

उन्होंने अपने साथ हो रही ज्यादती के लिए तेजस्वी के सहयोगी संजय यादव और रमीज को दोषी ठहराया था. उसके बाद से वह लगातार दोनों के खिलाफ पोस्ट करती हैं. बिना नाम लिए तेजस्वी भी निशाने पर होते हैं.












Be First to Comment