मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। इस कांड के पीछे एक बकरी और मक्के के दो पौधे का कनेक्शन सामने आया है। हालात कुछ ऐसे थे कि डीएसपी को चार थानों की पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचना पड़ा। कांड के बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। महिला की हत्या करने वाले कोई और नहीं बल्कि उनकी जाति विरादरी के लोग ही हैं।

मुजफ्फरपर के मनियारी थाने के रतनौली गांव में मक्के के खेत में बकरी चराने को लेकर विवाद में ज्योतिक सहनी की पत्नी सुनैना देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि सुनैना देवी की बकरी आरोपित के मक्के के खेत में चली गई। बकरी ने मात्र दो पौधों को ही खाया था कि हंगाम शुरू हो गया। सुनैना देवी, उसके पुत्र और खेत के मालिक चिंता देवी व अन्य परिजनों के बीच झगड़ा होने लगा।

सभी आरोपितों ने सुनैना के पुत्र की पिटाई शुरू कर दी। बचाव में गई सुनैना की पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल सुनैना की मौके पर मौत हो गई। मनियारी, कुढ़नी और तुर्की थाने की पुलिस पहुंची। इसके बाद एसडीपीओ पश्चिमी-2 एसी ज्ञानी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया।

एसडीपीओ पश्चिमी-2 ने बताया कि चार आरोपितों का नाम सामने आया है। एक महिला चिंता देवी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें पुलिस पकड़ लेगी। मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई नमूने लिए हैं।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि आरोपितों ने महिला की बांधकर पिटाई की गई जिससे उसकी मौत हो गई। मनियारी थानेदार जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को देखते हुए गांव पर पुलिस की नजर है।















Be First to Comment