Press "Enter" to skip to content

मकर मेला 2026 का भव्य शुभारंभ, ‘दही खाओ इनाम पाओ’ प्रतियोगिता में इन प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम

नालंदा: बिहार के राजगीर में राजकीय मकर मेला के पहले दिन ‘दही खाओ, इनाम पाओ’ 3 मिनट की प्रतियोगिता में भीमराव अंबेडकर विद्यालय की छात्रा लवली कुमारी एक किलो 900 ग्राम दही और पुरूष में नकटपुरा के करुण यादव 3 किलो 480 ग्राम दही खाकर पहला स्थान प्राप्त किए. इस अनोखी प्रतियोगिता में कुल 127 प्रतिभागियों ने भाग लिया. जिनमें 84 पुरुष, 40 छात्राएं और तीन महिलाएं शामिल रहीं. प्रतियोगिता में युवाओं के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. जिससे मेला परिसर में पूरे दिन उत्साह, हास्य और ठहाकों का माहौल बना रहा.

Makar Mela 2026

दही खाओ इनाम पाओ प्रतियोगिता

छात्राओं की प्रतियोगिता में डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय का दबदबा देखने को मिला. विद्यालय की लवली कुमारी ने एक किलो 900 ग्राम दही खाकर प्रथम स्थान प्राप्त की. उन्हें प्रतीक चिह्न, प्रमाण पत्र के साथ 15 किलो दही पुरस्कार स्वरूप दिया गया. इसी विद्यालय की नेहा कुमारी ने एक किलो 600 ग्राम दही खाकर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि रंजू कुमारी ने एक किलो 550 ग्राम दही खाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया. नेहा कुमारी को 10 किलो और रंजू कुमारी को 5 किलो दही तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया.

पुरुषों की प्रतियोगिता में कौन विजयी?

वहीं, पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में कुल 84 प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता आजमाई. इस वर्ग में बिहार शरीफ के निकटपूरा के प्रतिभागियों ने सभी पुरस्कार अपने नाम किए. करुण यादव ने 3 किलो 480 ग्राम दही खाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं विनोद यादव ने तीन किलो 10 ग्राम दही खाकर द्वितीय और जबकि सुरेंद्र यादव ने दो किलो 870 ग्राम दही खाकर तृतीय स्थान हासिल किया.

महिलाओं की प्रतियोगिता में कौन विजयी?

महिलाओं के लिए आयोजित प्रतियोगिता में केवल तीन प्रतिभागी शामिल हुईं. इनमें वसुंधरा देवी एक किलो 660 ग्राम दही खाकर प्रथम पुरस्कार विजेता बन गई है. वहीं, एक किलो 550 ग्राम दही खाकर मालती देवी दूसरे और एक किलो 260 ग्राम खाकर राजकुमारी देवी तृतीय विजेता घोषित की गई हैं.

विजयी प्रतिभागियों को मिला इनाम

इस प्रतियोगिता के विजेताओं को सांसद कौशलेंद्र कुमार, एमएलसी रीना यादव, विधायक रोहिल रंजन तथा कौशल किशोर द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए. इस अवसर पर अतिथियों ने सुधा डेयरी से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि सुधा प्रोडक्ट्स बिहार का गौरव है. उन्होंने बताया गया कि पिछले तीन वर्षों से मकर मेला में यह प्रतियोगिता लगातार आयोजित की जा रही है और सुधा के उत्पादों की आपूर्ति अब देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक हो रही है. कार्यक्रम में अरविंद कुमार सिंह सहित डेयरी के कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

मकर मेला 2026 का आयोजन

 मकर मेला 2026 का उद्घाटन ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार और विधान पार्षद रीना यादव ने संयुक्त रूप से किया. इस मौके पर मंत्री श्रवण कुमार ने राजगीर के बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए कहा कि कभी यह मेला 10-10 किलो की मूली और कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए जाना जाता था लेकिन आज राजगीर अंतरराष्ट्रीय खेलों और आधुनिक पर्यटन का केंद्र बन गया है.

श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है, जहां एक महीने में 1.20 लाख शिक्षकों की बहाली हुई और 44 हजार से ज्यादा बेटियां पुलिस विभाग में सेवा दे रही हैं. समारोह में ‘उल्टी गंगा’ बहने के मुहावरे को सच करने का भी जिक्र हुआ. मंत्री ने कहा कि उत्तर बिहार की नदियों का पानी अब राजगीर, गया और नवादा के हर घर में नल के जरिए पहुंच रहा है.

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *