Press "Enter" to skip to content

रील का जानलेवा शौक, सांप के साथ वीडियो बना रहे शिक्षक को डसा, 12 सेकंड में ख’त्म हुई जिंदगी

शिवहर: बिहार के शिवहर जिले के पुरनहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपट्टी गांव में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. विषैले सांप को पकड़कर उसके साथ रील बनाने के दौरान सर्पदंश से एक शिक्षक की मौत हो गई. इस घटना का 12 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है.

रील बनाने के दौरान शिक्षक की मौत

इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतक की पहचान बराही जगदीश पुनर्वास गांव निवासी और मध्य विद्यालय बराही जगदीश बालक में पदस्थापित शिक्षक नवल किशोर सिंह (51) के रूप में की गई है.

सांप ने काटा

बताया जाता है कि नवल किशोर सिंह को सांप पकड़ने में विशेष दक्षता थी और वे जिले में ‘सर्प मित्र’ के नाम से पहचाने जाते थे. ग्रामीण इलाकों में कहीं भी विषैले सांप निकलने की सूचना मिलते ही लोग उन्हें बुलाते थे और वे बिना किसी शुल्क के सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़कर निकाल देते थे.

सांप के साथ दिखा रहे थे करतब

बसंतपट्टी गांव के एक घर में विषैले नाग निकलने की सूचना पर शिक्षक नवल किशोर सिंह मौके पर पहुंचे थे. उन्होंने नाग को पकड़ लिया, लेकिन इसी दौरान वे सांप के साथ करतब दिखाने लगे. आसपास मौजूद कुछ युवकों द्वारा इस दृश्य का वीडियो रील्स बनाया जा रहा था. जैसे ही शिक्षक ने सांप के मुंह में हाथ डाला, नाग ने डस लिया.

अस्पताल ले जाने के दौरान मौत

 सर्पदंश के बाद भी नवल किशोर सिंह ने कुछ देर तक स्वयं को संभाले रखा और सांप को ठिकाने लगाया, लेकिन कुछ ही समय बाद वे बेहोश हो गए. ग्रामीणों और स्वजनों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया. इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

2005 में नियोजित शिक्षक के रूप में सेवा

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. नवल किशोर सिंह वर्ष 2005 में नियोजित शिक्षक के रूप में सेवा में आए थे और बाद में उन्हें विशिष्ट शिक्षक का दर्जा मिला था. उनके परिवार में पत्नी, तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं.

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from PoliticsMore posts in Politics »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *