नवादा : बिहार के विभिन्न जिलों में विजिलेंस का एक्शन देखने को मिल रहा है. इसी कड़ी में नवादा जिले के अकबरपुर थाने में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार पटेल को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने दबोचा है. शुक्रवार को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों उसे गिरफ्तार किया गया.

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, आरोप था कि दारोगा प्रमोद कुमार एक केस डायरी में मदद करने और अभियुक्तों की गिरफ्तारी रोकने के नाम पर पैसे की मांग कर रहा है. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना को नवादा निवासी विकास कुमार पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी.

शिकयात मिलने पर एक्शन शुरू
शिकायत में कहा गया था कि अकबरपुर थाना कांड संख्या 484/25 में उनके बहनोई और भगना को गिरफ्तार नहीं करने और केस डायरी में मदद करने के एवज में पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार पटेल द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने गुप्त रूप से मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण सही पाया गया.

नवादा में दारोगा गिरफ्तार
आरोप की पुष्टि होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक गौतम कृष्ण के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया. शुक्रवार, 2 जनवरी को जैसे ही आरोपी दारोगा प्रमोद कुमार ने अकबरपुर थाना के गेट पर परिवादी से 25,000 रुपये की रिश्वत ली, सतर्क निगरानी टीम ने उसे दबोच लिया. टीम ने दरोगा के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है.











Be First to Comment