सिवान: बिहार के सिवान में नीलगाय (घोरपरास) को गोली मारने के दौरान निशाना चूक गया और गोली एक मासूम को जा लगी. घटना के बाद से गांव में दहशत है. मामला सिवान के सिसवन थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां मंगलवार को गोली लगने से बच्चा जख्मी हो गया.

नीलगाय के शिकार के दौरान बच्चे को लगी गोली
जानकारी के अनुसार बिना अनुमति के नीलगाय को गोली मारा जा रहा था. तभी निशाना चूक गया और गोली एक चार साल के मासूम के पेट में जा लगी. इस सनसनीखेज घटना में गंभीर रूप से घायल बच्चे को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. फिर सदर अस्पताल और अंत में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.

बिना अनुमति के नीलगाय का शिकार
घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है. परिजनों के अनुसार, बच्चा घर के सामने खेल रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया. बच्चे की मां ने आरोप लगाया कि चार युवक हाथों में राइफल लेकर घर के पास पहुंचे थे और नीलगाय को मारने का प्रयास कर रहे थे.

मौके से फरार हुए युवक
घबराई मां ने मौके पर मौजूद एक युवक को पकड़ लिया, लेकिन अन्य लोगों की मदद से वह हाथ छुड़ाकर फरार हो गया. शोर सुनकर परिवार और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

PMCH में चल रहा बच्चे का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में भी हालत नाजुक बनी रहने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना भेज दिया.

बच्चे की हालत नाजुक फिलहाल बच्चा इलाजरत है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही सिसवन थाना पुलिस सक्रिय हो गई. थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है.

इस घटना ने अवैध हथियारों के इस्तेमाल और बिना अनुमति शिकार जैसी गतिविधियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही, क्षेत्र में अवैध हथियारों पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता भी जताई जा रही है.












Be First to Comment