Press "Enter" to skip to content

BPSC का बड़ा झटका, सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी की परीक्षा स्थगित

पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) की प्रस्तावित लिखित परीक्षा को स्थगित कर दिया है. यह परीक्षा 10 जनवरी से 16 जनवरी 2026 के बीच आयोजित होनी थी, जिसमें 14 जनवरी को परीक्षा नहीं रखी गई थी. आयोग की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार अपरिहार्य कारणों से इस परीक्षा को फिलहाल टाल दिया गया है.

BPSC AEDO EXAM POSTPONED

AEDO की परीक्षा स्थगित

परीक्षा के पुनः आयोजन की तिथि बाद में घोषित की जाएगी, जिसकी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर दी जाएगी. बीपीएससी द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि विज्ञापन संख्या-87/2025 के अंतर्गत सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी की लिखित (वस्तुनिष्ठ) प्रतियोगिता परीक्षा स्थगित की जाती है.

अफवाहों से बचने की अपील

आयोग ने यह भी साफ किया है कि परीक्षा रद्द नहीं की गई है, बल्कि केवल स्थगित की गई है. ऐसे में अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तिथि का इंतजार करना होगा. आयोग ने कहा है कि परीक्षा के संबंध में सटीक जानकारी के लिए आयोग के वेबसाइट पर नियमित सूचनाओं को देखते रहें. किसी तरह की अफवाह पर ध्यान ना दें और जल्द ही नई तिथि की घोषणा भी आयोग की ओर से की जाएगी.

935 पदों पर होनी है नियुक्ति

सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी की यह भर्ती शिक्षा विभाग की एक बड़ी और महत्वपूर्ण बहाली है. इस भर्ती के तहत 935 पदों पर नियुक्ति की जानी है. सामान्य वर्ग के लिए 374 पद, ओबीसी के लिए 93 पद, एससी के लिए 150 पद, एसटी के लिए 10 पद, अत्यन्त पिछड़ा वर्ग के लिए 168 पद, पिछड़ा वर्ग के लिए 112 पद और पिछड़े वर्गों की महिलाओं के लिए 28 पद आरक्षित किए गए हैं. चयनित उम्मीदवारों का वेतनमान 29200 रुपए होगा.

परीक्षा स्थगित होने के पीछे के कारण

गौरतलब है कि कई छात्र संगठनों ने परीक्षा की तिथि में बदलाव को लेकर आयोग को आवेदन दिया था. कई उम्मीदवारों ने बीपीएससी को मेल किए थे कि परीक्षा की तिथि में परिवर्तन किया जाए क्योंकि जिस समय इसकी परीक्षा होनी है, उसी समय केंद्रीय विद्यालय और कई नवोदय विद्यालय के शिक्षक भर्ती की परीक्षा है.

इसके अलावा अभ्यर्थियों ने ठंड को भी कारण बताया था और कुछ अभ्यर्थियों ने यह भी कहा था कि 29 दिसंबर से 17 जनवरी तक बीपीएससी 70वीं मेंस के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया है. इन्हीं सब कारणों को देखते हुए आयोग ने परीक्षा को अभी के लिए स्थगित किया है.

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *