पटना : बिहार के पटना जिले के मोकामा में एक पत्नी ने अपने पति से अवैध संबंध के शक में सुपारी देकर ब्यूटी पार्लर चलाने वाली एक महिला पर एसिड अटैक करवा दिया। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत 3 लोगों को गिरप्तार किया है। मुख्य आरोपी महिला नीतू देवी मोकामा के डाकबंगला की रहने वाली है। उसे शक था कि उसके पति कुंदन मिश्रा का ब्यूटी पार्लर की संचालिका के साथ अवैध संबंध हैं। फिर उसने अपनी नौकरानी सुमन देवी के साथ मिलकर तेजाब हमले की साजिश रची और मोहम्मद एहसान नाम के शख्स को सुपारी दी।

पुलिस ने नीतू, सुमन और एहसान को गिरफ्तार कर लिया है। एसिड अटैक में साथ देने वाले मोहम्मद एहसान के एक दोस्त की तलाश की जा रही है। मोहम्मद एहसान बाढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कैश, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक को भी बरामद किया है।

पत्नी ने एक लाख रुपये की दी थी सुपारी
बाढ़ एसडीपीओ आनंद कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि आरोपी नीतू देवी को अपने पति एवं पीड़िता के बीच प्रेम प्रसंग का शक था। इसको लेकर नीतू और ब्यूटी पार्लर संचालिका के साथ कुछ दिनों पहले विवाद भी हुआ था। इसके बाद उसने अपनी नौकरानी संग मिलकर पीड़िता पर केमिकल फेंकवाने की साजिश रची गई।

नीतू और सुमन ने मोहम्मद एहसान को मिलकर पार्लर संचालिका पर केमिकल (एसिड) फेंकने के लिए एक लाख रुपये देने की बात कही थी। बता दें कि रविवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने संचालिका पर केमिकल फेंककर फरार हो गए थे।

घटना के बाद झुलसी ब्यूटी पार्लर चलाने वाली महिला को आरोपी नीतू देवी और सुमन ही अस्पताल लेकर पहुंची थीं। इस दौरान नीतू और एहसान की लगातार फोन पर बात भी हो रही थी। पुलिस ने सोमवार रात एहसान के बाढ़ स्थित घर पर छापेमारी की थी, जहां से एक बोतल केमिकल, उससे भीगा हुआ कपड़ा बरामद हुआ। वहीं, नीतू देवी के घर से पुलिस ने 97 हजार रुपये नकद बरामद किए, जो उसने एहसान को देने के लिए रखे हुए थे।












Be First to Comment