मुजफ्फरपुर : ONGC द्वारा प्रस्तुत मुज़फ्फरपुर स्पोर्ट्स फेस्टिवल सीजन–3 का उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों की असेंबली एवं आकर्षक मार्च पास्ट से हुई, जिसने पूरे खेल परिसर को अनुशासन और ऊर्जा से भर दिया।


समारोह के दौरान मुख्य अतिथि शिशिर सिन्हा (सेवानिवृत्त IAS), कुलपति, बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राजगीर ने विधिवत ध्वजारोहण (Flag Hoisting) कर खेल महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ मंच पर डॉ. संजय सिन्हा (सेवानिवृत्त IAS, अध्यक्ष – S.V.K.Y.S.), प्रो. दिनेश चंद्र राय ( कुलपति, B.R.A.B.U., मुज़फ्फरपुर), प्रियंका राज (Chief Manager, SBI BU Campus), प्रवीण कुमार (Deputy Manager, SBI BU Campus) एवं मृत्युंजय कुमार सिंह (सचिव, M.D.A.A.) सहित सभी गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


इस दौरान सम्बोधन करते हुए शिशिर सिन्हा ने बच्चों की परेड देखकर अपनी 45 वर्ष पूर्व की परेड को याद किया और कहा कि आज के खिलाड़ियों को परेड करते हुए देखकर वे स्वयं को उन्हीं बच्चों के बीच महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा कि “एक स्वस्थ मस्तिष्क का निवास स्वस्थ शरीर में ही होता है।”

वहीं M.D.A.A. के सचिव मृत्युंजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में मुज़फ्फरपुर में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के निर्माण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण से जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी का अवसर मिलेगा।


साथ ही मुख्य अतिथि ने स्वामी विवेकानंद क्रीड़ा एवं योग संस्थान को इस भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए हार्दिक धन्यवाद देते हुए संस्था को भविष्य में भी ऐसे आयोजन करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। बेस्ट मार्च पास्ट अवार्ड का पुरस्कार जीडी मदर इंटरनेशनल स्कूल को प्रदान किया गया, जबकि बेस्ट बैंड अवार्ड का सम्मान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सदतपुर को मिला।

आज की प्रतियोगिता के परिणाम
प्रथम दिन: खेल परिणामों का विस्तृत सारांश
प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स, फुटबॉल और कबड्डी में खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। एथलेटिक्स में जंप इवेंट्स के दौरान अंडर-10 ब्रॉड जंप (बालक) में ज्ञान सरोवर के आदर्श कुमार ने 1.90 मीटर की छलांग लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में क्राइस्ट ज्योति की अमृता कुमारी 1.75 मीटर के साथ विजेता रहीं। अंडर-12 लॉन्ग जंप में बालक वर्ग में बिट्टू राज (R.U.M, ईस्ट धरमपुर) ने 3.47 मीटर और बालिका वर्ग में तनु श्री (क्राइस्ट ज्योति) ने 2.71 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीते। ट्रैक स्पर्धाओं में क्राइस्ट ज्योति स्कूल का दबदबा रहा, जहाँ शुभम कुमार और अमृता सुबोध रॉय ने अपने-अपने वर्ग की 50 मीटर स्प्रिंट जीती।

अंडर-12 की 50 मीटर दौड़ में रितेश कुमार (सेंट जोसेफ) और साक्षी कुमारी (M.S. सकरी सरैया) प्रथम रहे। वहीं, अंडर-16 बालिका वर्ग की 60 मीटर दौड़ में वर्षा कुमारी (M.S. सकरी सरैया) ने 09.16 सेकंड के रिकॉर्ड समय के साथ जीत दर्ज की। फुटबॉल के मैदान पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

बालक वर्ग के पहले मैच में PM श्री KVS ने G.D. मदर को 1-0 से और दूसरे मैच में AIM प्रेप स्कूल ने डॉल्फिन स्कूल को 1-0 से पराजित किया। दिन की सबसे बड़ी जीत मॉडर्न एजुकेशन सेंटर के नाम रही, जिसने माउंट लिटेरा स्कूल को 5-0 के भारी अंतर से हराया। बालिका वर्ग में शमा इंटरनेशनल स्कूल को सेंट माइकल स्कूल के खिलाफ वॉक-ओवर मिला, जिससे वे अगले दौर में पहुँच गईं।
कबड्डी (अंडर-14) स्पर्धा में G.D. मदर इंटरनेशनल स्कूल (GDMIS) का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा। GDMIS की बालक टीम ने KVS सेकंड शिफ्ट को 28 अंकों के बड़े अंतर से मात दी। वहीं, उनकी बालिका टीम ने दोहरी सफलता हासिल करते हुए क्राइस्ट ज्योति को 47 अंकों से और M.S. रोहुआ को 1 अंक के रोमांचक अंतर से हराया।

बालक वर्ग के अन्य मैचों में ज्ञान सरोवर, क्राइस्ट ज्योति, किड्स कैंप स्कूल, PM श्री KVS, रेजोनेंस स्कूल, सेंट जोसेफ रामदयालु और द जैतपुर स्कूल ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। बालिका वर्ग में किड्स कैंप स्कूल, साई मिलेनियम और M.S. हरपुर की टीमें भी विजयी रहीं।













Be First to Comment