गयाजी: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गया जिले के महकार गांव में अपने परिवार संग मतदान किया. हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख मांझी अपने परिजनों संग मध्य विद्यालय, महकार पहुंचे, जहां उन्होंने बूथ संख्या 44 पर मतदान किया.

मतदान करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि परिवार संग अपने गांव के बूथ पर हमने मतदान किया. कहीं कोई परेशानी नहीं है. हम लोग एनडीए के पक्षधर हैं और अब तक जो जानकारी मिल रही है उसके अनुसार लगभग 80% मतदान एनडीए के ही पक्ष में हुआ है. निश्चित रूप से चुनाव बाद एनडीए की सरकार बनेगी.

तेजस्वी यादव पर निशाना साधा
जीतन राम मांझी ने कहा कि चुनाव बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ख्याली पुलाव पका रहे हैं. हो सकता है मंत्रिमंडल गठन के नाम पर भी उन्होंने लोगों को ठगने का कार्य किया हो, लेकिन लोग समझ चुके हैं और एनडीए को ही मतदान कर रहे हैं.केंद्रीय मंत्री मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार देश विकास कर रहा है. वह एकमात्र ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने का कार्य करते हैं.

दूसरे चरण में बंपर वोटिंग
बिहार में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान मतदाताओं में भारी उत्साह दिखा. 20 जिलों की 122 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक औसत 60 प्रतिशत से अधिक मतदान रिकॉर्ड किया गया. उम्मीद की जा रही है कि दूसरे चरण में पहले चरण के वोट प्रतिशत का रिकॉर्ड टूट सकता है. 6 नवंबर को हुए पहले चरण में 65.08% अधिक मतदान हुआ था.









Be First to Comment