Press "Enter" to skip to content

महागठबंधन में कोई छोटा-बड़ा भाई नहीं; बिहार कांग्रेस प्रभारी ने बताया किस आधार पर होगा सीट बंटवारा

बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बड़े भाई की भूमिका में आने को लेकर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के बीच सियासी घमासान छिड़ा हुआ है। वैसे तो कांग्रेस ने बड़ा भाई वाली बात से इनकार कर दिया है, लेकिन 2025 चुनाव में सीट बंटवारे का जो फॉर्मूला दिया है उससे लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी आरजेडी की टेंशन जरूर बढ़ गई है। बिहार में कांग्रेस बीते कई सालों से आरजेडी के नेतृत्व में रहकर राजनीति कर रही है। हालांकि, इस साल हुए लोकसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस का जोश हाई हो गया है और बिहार में वह अपने वजूद को फिर से स्थापित करने में जुट गई है।

बीते कई सालों से बिहार में लालू यादव की पार्टी आरजेडी ‘बड़े भाई’ की भूमिका में रहते हुए महागठबंधन का नेतृत्व कर रही है। कांग्रेस और वाम दल, आरजेडी के नेतृत्व में रहकर ही चुनाव लड़ते आ रहे हैं। हालांकि, 2025 के चुनाव में स्थिति कुछ बदल सकती है। दरअसल, यह चर्चा पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव के एक बयान से शुरू हुई। उन्होंने पिछले महीने एक बयान में कहा था कि बिहार में कांग्रेस बड़े भाई की भूमिका में है। साथ ही 2025 के चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व में ही बिहार में सरकार बनेगी। पप्पू यादव वैसे तो निर्दलीय सांसद हैं, लेकिन खुद को कांग्रेसी बताते हैं और राहुल गांधी को अपना नेता मानते हैं। हाल ही में झारखंड और महाराष्ट्र के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के लिए प्रचार भी किया था।पप्पू यादव के बयान को कांग्रेस का आधिकारिक बयान नहीं माना जा सकता है, लेकिन फिर भी आरजेडी के खेमे में खलबली जरूर मच गई। हाल ही में बिहार के कांग्रेस प्रभारी शाहनवाज आलम से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि गठबंधन विचारधारा के आधार बना है। इसमें कोई छोटा या बड़ा भाई नहीं है। जो भी फैसला होगा आपसी रायशुमारी से होगा। उनके इस बयान से लालू एवं तेजस्वी की पार्टी को राहत जरूर मिली है। मगर शाहनवाज ने 2025 के बिहार चुनाव के लिए महागठबंधन में सीट बंटवारे का जो फॉर्मूला दिया, उससे आरजेडी की बेचैनी बढ़ सकती है।कांग्रेस प्रदेश प्रभारी शाहनवाज आलम ने कहा कि जो आगामी चुनाव होगा, उसमें सीटों का बंटवारा हालिया लोकसभा चुनाव के स्ट्राइक रेट के आधार पर होगा। यानी कि जिस पार्टी का चुनाव जीतने का प्रतिशत अच्छा रहा, उसे उतनी ज्यादा सीटें मिलेंगी। अगर यही फॉर्मूला 2025 के विधानसभा चुनाव में लागू होता है तो आरजेडी एवं कांग्रेस महागठबंधन में बराबर की सीटों का हकदार होंगी।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from PoliticsMore posts in Politics »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *