Press "Enter" to skip to content

रेसलर विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया कांग्रेस में हुए शामिल, खरगे ने कहा- ‘आप दोनों पर गर्व है’

रेसलर विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने शुक्रवार को कांग्रेस ज्वाइन कर ली। दोनों रेसलर कांग्रेस में शामिल होने से पहले पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मिलने उनके आवास पर पहुंचे। मुलाकात के बाद खरगे ने तस्वीरे शेयर करते हुए लिखा कि ‘आप दोनों पर हमें गर्व है’। मिली जानकारी के मुताबिक, विनेश फोगाट कांग्रेस के टिकट पर हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। वहीं, बजरंग पुनिया विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और उन्हें हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए हरियाणा कांग्रेस की प्रचार समिति का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।

विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया कांग्रेस में हुए शामिल, खरगे बोले- आप दोनों पर गर्व है

इससे पहले बुधवार को विनेश और बजरंग ने नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी, जिसके बाद दोनों के कांग्रेस ज्वाइन करने की अटकलें तेज हो गई थी। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए पांच अक्टूबर को वोटिंग होनी है, जबकि आठ अक्टूबर को नतीजों का ऐलान होगा।

कांग्रेस ज्वाइन करने से ठीक पहले विनेश फोगाट ने निजी कारणों का हवाला देते हुए भारतीय रेलवे से इस्तीफा भी दे दिया। उन्होंने अपने त्यागपत्र की तस्वीर के साथ ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भारतीय रेलवे की सेवा करना मेरे जीवन का एक यादगार और गौरवपूर्ण समय रहा है।” विनेश उत्तरी रेलवे में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने लिखा कि अपने जीवन के इस मोड़ पर, मैंने खुद को रेलवे सेवा से अलग करने का फैसला किया है और भारतीय रेलवे के सक्षम अधिकारियों को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने कहा, “मैं देश की सेवा में रेलवे द्वारा मुझे दिए गए इस अवसर के लिए भारतीय रेलवे परिवार की हमेशा आभारी रहूंगी।”

बता दें, कि पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाटा को 50 किलोग्राम स्वर्ण पदक मुकाबले से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। उनका वजन 100 ग्राम अधिक पाया गया था। खेल पंचाट न्यायालय (CAS) ने भी संयुक्त सिल्वर मेडल दिए जाने की उनकी याचिका को खारिज कर दिया था। अयोग्य घोषित किए जाने के एक दिन बाद 8 अगस्त को उन्होंने कुश्ती से संन्यास की घोषणा की थी। विनेश के घर लौटने के बाद से ही इस बात की अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह अपनी चचेरी बहन बबीता की तरह सक्रिय राजनीति में प्रवेश करेंगी।

Share This Article

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *