पटना: बालू लदे ट्रक-ट्रैक्टरों के बेतरतीब परिचालन के कारण बीते 72 घंटों से बिहार के कोईलवर-छपरा फोरलेन, सकड्डी-नासरीगंज पथ और कोईलवर-बिहटा पथ पर महाजाम का नजारा रहा। विगत तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रहे आवागमन के कारण ट्रकों ने पूरे रास्ते पर आवागमन बाधित कर दिया है। ट्रकों के जाम के कारण पटना, छपरा, व आरा की ओर जाने वाली तीनों दिशाओं की सड़कें अवरुद्ध रहीं। तीखी धूप व उमसभरी गर्मी के बीच कइयों ने बीच में ही रास्ता बदला तो कइयों ने अपनी यात्रा ही कैंसिल कर दी।


जाम के कारण बच्चों व महिलाओं को ज्यादा परेशानी हुई। पटना आने- जाने वालों को बुधवार को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा, जहां बिहटा के कन्हौली मोड़ तक जाम का नजारा रहा। पटना से आरा आ रहे यात्रियों को बिहटा मोड़ से स्टेशन के रास्ते सिकंदरपुर छलका होते लोग कोईलवर पहुंचे और बबुरा तक जाने के लिए आरा- बड़हरा के रास्ते बबुरा पहुंच सके। कई यात्रियों ने बताया कि पटना से आरा तक पहुंचने में उन्हे पांच घंटे का समय लगा।


ट्रक ऑनर एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि ट्रक चालक 24 घंटे में भी भोजपुर जिले के एक छोर से दूसरे छोर तक नहीं पहुंच पा रहे। ट्रक मालिकों ने बताया कि उनकी गाड़ी में लगे जीपीएस इसकी गवाही दे रहे हैं। कई लोगों ने बताया कि 24 घंटे तक ही निर्धारित दूरी का चालान वैध माना जाता है, जबकि चौबीस घंटे में उनकी गाड़ी दस किलोमीटर की दूरी भी नहीं पार कर पा रही। स्थानीय लोगों की मानें तो पहले रात के अंधेरे में ओवरलोडिंग बालू लदे ट्रकों का आवागमन होता था, जो अब दिन के उजाले में ही हो रहा है।



स्थानीय लोगों ने बताया कि पासिंग गिरोह की देखरेख में दिन के उजाले में ही बहियारा व धन्डीहा गांव से लेकर कोईलवर के पुराने पुल के रास्ते बालू लाद फुल बॉडी ट्रक खड़े रहते हैं, जिनका परिचालन शाम होते ही बेखौफ शुरू हो जाता है। बिहटा की ओर से नये सिक्स लेन पुल पर सैकड़ों बालू लदे ओवरलोड ट्रक सारे दिन खड़े रहे तो वहीं कुल्हड़िया रेल ओवरब्रिज पर भारी गाड़ियों के खड़े नहीं रखने के आदेश के बावजूद ओवरलोड बालू लदे ट्रक खड़े दिखे, जिस पर प्रशासन पूरी तरह चुप्पी साधे हुए है।


वहीं सदर एसडीपीओ 2, कोईलवर रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि छपरा के साथ-साथ कोल्हारामपुर से बबुरा के बीच सड़क खराब है। इस कारण ट्रकों का परिचालन धीमी गति से हो रहा है, जिसके कारण जाम की समस्या है। इसकी सूचना विभाग को दी गई है।

















Be First to Comment