कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर पटना DM चंद्रशेखर ने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के निदेशक को चिट्ठी लिखी है। इसमें पटना DM ने एयरपोर्ट पर आने-जाने लोगों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किया है। DM ने एयरपोर्ट निदेशक को लिखा है कि महाराष्ट्र , पंजाब और केरल के यात्रियों के लिए RT-PCR निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य होगी। DM ने लिखा है कि विमानन कंपनियां सिर्फ निगेटिव रिपोर्ट वाले को ही यात्रा करने की इजाजत दें।
72 घंटे पूर्व तक की रखनी है रिपोर्ट
पटना DM ने लिखा है कि महाराष्ट्र, पंजाब और केरल राज्य से हवाई यात्रा कर जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पटना आने वाले यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान से हवाई यात्रा आरंभ करने के 72 घंटे पूर्व तक का कोविड-19 RT-PCR जांच प्रमाण पत्र साथ रखना अनिवार्य है। इस संदर्भ में पटना एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की कोविड-19 की जांच की जा रही है। जांच के क्रम में पटना एयरपोर्ट पर अत्यधिक भीड़ और जगह के अभाव में उन्हें चिन्हित कर जांच कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसी परिस्थिति में महाराष्ट्र, पंजाब और केरल से आने वाले हवाई यात्रियों के साथ RT-PCR की नेगेटिव रिपोर्ट आवश्यक है।
यात्रा के बाद 10 दिनों तक होम क्वारेंटाइन की सलाह
वहीं, सभी एयरलाइंस को अपने स्तर से निर्देशित किया जाए कि यात्रियों के बोर्डिंग के समय RT-PCR जांच प्रमाण पत्र में केवल नेगेटिव रिपोर्ट वाले यात्रियों को ही हवाई यात्रा करने की अनुमति प्रदान करें। साथ ही यात्रियों को यह भी सूचना देंगे कि यात्रा के बाद वे 10 दिनों तक होम क्वारेंटाइन रहेंगे।
DM की चिट्ठी के बाद उठने लगे हैं सवाल
इस चिट्ठी के बाद कई सवाल उठने लगे हैं। पहला कि पटना RT-PCR की रिपोर्ट कितने दिनों में मिल सकती है? दूसरा कि क्या प्रशासन को रैपिड एंटीजन जांच पर विश्वास नहीं है? तीसरा कि इमरजेंसी में कैसे यात्रा की जाए? पटना में RT-PCR की स्थिति यह है कि यदि कोई अपनी जांच RT-PCR से कराता है तो उसकी रिपोर्ट 8 से 10 दिन में आएगी। तब तक वह व्यक्ति ऊहापोह की स्थिति में रहेगा। अपने आपको अलग कर लेगा। वहीं जब पटना जिला प्रशासन को ही रैपिड एंटीजन जांच पर भरोसा नहीं है तो फिर आम लोगों को कैसे भरोसा होगा। तभी तो प्रशासन की तरफ से सिर्फ RT-PCR की मांग की जा रही है। वही पटना जिला प्रशासन ने ऐसी कोई व्यवस्था नहीं बनाई है, जिससे इमरजेंसी में कहीं हवाई यात्रा कर सके।
















Be First to Comment