Press "Enter" to skip to content

सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल, मुजफ्फरपुर में जिला स्तरीय विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) के तत्वावधान में जिला स्तरीय विचार-विमर्श कार्यक्रम (District Level Deliberations DLD) का आयोजन सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल, आदर्श ग्राम, मुजफ्फरपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का विषय “वास्तविक जीवन में कृत्रिम बु‌द्धिमत्ता (Al in Real World)” था, जिसमें मुजफ्फरपुर, दरभंगा एवं सीतामढ़ी के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विविध आयामों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं।

कार्यक्रम का संचालन वंदना गुप्ता एवं पल्लवी कुमारी ने एंकर के रूप में अत्यंत कुशलता एवं प्रभावशीलता के साथ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया गया। इस अवसर पर नॉर्दर्न सहोदय स्कूल कॉम्प्लेक्स के अनेक शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें ए. के. दत्ता (अध्यक्ष), एस. के. झा (सचिव), आशा किरण सिन्हा (प्रधानाचार्या, संत जेवियर जूनियर/सीनियर स्कूल), विनीता कुमारी (प्रधानाचार्या, मदर टेरेसा स्कूल), अलका झा (प्रधानाचार्या, संत जेवियर इंटरनेशनल स्कूल), राकेश त्रिवेदी (प्रशासक, संत जेवियर इंटरनेशनल स्कूल) तथा दीपक चंद्र सिन्हा (उप-प्रधानाचार्य, संत जेवियर जूनियर/सीनियर स्कूल) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

 

अपने संबोधन में नॉर्दर्न सहोदय स्कूल कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष ए. के. दत्ता ने कृत्रिम बु‌द्धिमत्ता की वर्तमान एवं भविष्य की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि AI शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उ‌द्योग और प्रशासन सहित जीवन के अनेक क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है। उन्होंने शिक्षकों को तकनीकी नवाचारों को अपनाने तथा विद्यार्थियों को AI के जिम्मेदार एवं रचनात्मक उपयोग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

प्रतिभागी शिक्षकों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यवसाय, परिवहन तथा दैनिक जीवन में कृत्रिम बु‌द्धिमत्ता के उपयोग से संबंधित विषयों पर उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ दीं। प्रस्तुतियों में AI के लाभों के साथ-साथ इसके नैतिक, सामाजिक एवं व्यावहारिक पहलुओं पर भी सार्थक चर्चा की गई। निर्णायक मंडल ने सभी प्रतिभागियों के ज्ञान, प्रस्तुतीकरण कौशल एवं विषय की समझ की सराहना की।

प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के उपरांत निर्णायक मंडल द्वारा परिणाम घोषित किए गए। इसमें डी.ए.वी. विद्यालय के देवाशीष कुमार को प्रथम स्थान, चंदन कुमार झा को ‌द्वितीय स्थान तथा सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल की पल्लवी कुमारी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजेताओं को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति एवं उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम शिक्षकों के लिए ज्ञान-विनिमय, नवाचार एवं तकनीकी जागरूकता का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह, जिज्ञासा एवं सीखने की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह आयोजन न केवल शिक्षकों के ज्ञानवर्धन का माध्यम बना, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका पर सार्थक चिंतन एवं संवाद को भी प्रोत्साहित करने में पूर्णतः सफल रहा।

 

Share This Article
More from ADMINISTRATIONMore posts in ADMINISTRATION »
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *