सावन 2026 में मुजफ्फरपुर शहर के सभी सरकारी और निजी स्कूल हर सोमवार (3, 10, 17 और 24 अगस्त 2026) को पूरी तरह बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने यह फैसला बाबा गरीबनाथ मंदिर में कांवरियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ व यातायात व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए लिया है।
जिलाधिकारी ने आदेश में कहा है कि सावन के दौरान बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए रविवार रात से ही बड़ी संख्या में कांवरिए पहुंचते हैं. जलाभिषेक के बाद सोमवार सुबह श्रद्धालु शहर के विभिन्न मार्गों से अपने गंतव्य की ओर लौटते हैं. ऐसे में शहर की सड़कों पर भारी भीड़ रहती है.

प्रशासन का मानना है कि यदि इन दिनों स्कूली बसों और अन्य वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से होता है, तो कांवरियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है. प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी.














Be First to Comment