Press "Enter" to skip to content

‘पहले पंखा-पानी चाहिए’… गया में स्कूल के बच्चों ने SDM ऑफिस पहुंचकर खोली बदहाल व्यवस्था की पोल

गया के टिकारी अनुमंडल में सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था से परेशान 40 से अधिक छात्र-छात्राएं मंगलवार को हाथों में आवेदन लेकर सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंच गए. बच्चों ने स्कूल में महीनों से खराब पड़े पंखे, पेयजल की समस्या, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और टूटे बेंच-डेस्क समेत कई समस्याओं की शिकायत प्रशासन से की. बच्चों के अचानक अनुमंडल कार्यालय पहुंचने से वहां कुछ देर के लिए हलचल मच गई.

मामला टिकारी अनुमंडल क्षेत्र के सिमुआरा मिडिल स्कूल का है. छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है. कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने पर बच्चों ने खुद प्रशासन के पास पहुंचकर अपनी बात रखने का फैसला किया.

मंगलवार को 40 से अधिक छात्र-छात्राएं स्कूल की समस्याओं को लेकर टिकारी अनुमंडल कार्यालय पहुंच गए. बच्चों ने हाथों में आवेदन लेकर विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों को दी. इस दौरान उन्होंने स्कूल की समस्याओं को लेकर नारेबाजी भी की.

उस समय एसडीएम प्रवीण कुंदन सरकारी कार्य से बाहर गए हुए थे. छात्रों की शिकायत सुनने के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी रंजीत कुमार सिंह को भेजा गया, लेकिन बच्चे एसडीएम से ही मिलने की मांग पर अड़े रहे. बाद में गुरारू से लौटने के बाद एसडीएम ने खुद बच्चों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. छात्रों ने एसडीएम को बताया कि विद्यालय में कई महीनों से अधिकांश पंखे खराब पड़े हैं. गर्मी के बीच कक्षाओं में पंखे नहीं चलने से बच्चों को परेशानी होती है. पेयजल के लिए लगा चापाकल भी ठीक से काम नहीं करता है.

बच्चों ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत की. इसके अलावा कई बेंच-डेस्क टूटे होने और कक्षाओं में पर्याप्त बुनियादी सुविधाएं नहीं होने की बात कही. छात्रों का कहना था कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. छात्रों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम प्रवीण कुंदन ने तत्काल जांच समिति गठित की. समिति को चार दिनों के भीतर विद्यालय की समस्याओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

Share This Article
More from ADMINISTRATIONMore posts in ADMINISTRATION »
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *