बिहार में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के फिर से सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार (31 जुलाई) के लिए राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार कैमूर से लेकर कटिहार तक सात जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर बिहार, सीमांचल और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर तेज बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को कैमूर (भभुआ), पश्चिम चंपारण, पूर्णिया, सुपौल, अररिया, कटिहार और बांका जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। विशेष रूप से सीमांचल और चंपारण क्षेत्र में मानसूनी गतिविधियां अधिक तेज रहने का अनुमान है। वहीं दक्षिण बिहार के यूपी सीमा से सटे कुछ जिलों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है।













Be First to Comment