बिहार में फिलहाल मॉनसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद अब मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 30 जुलाई को राज्य के किसी भी जिले में भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि उत्तर बिहार के कई इलाकों में हल्की बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं दक्षिण बिहार के अधिकांश हिस्सों में उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए राज्य के 12 जिलों में आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसके साथ मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
राजधानी पटना में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन तेज बारिश के आसार नहीं हैं। अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश कम होने के कारण शहर में उमस बनी रह सकती है, जिससे लोगों को गर्मी का अधिक एहसास होगा।










Be First to Comment