बिहार के स्कूली छात्रों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में शनिवार को हाफ-डे लागू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के असरगंज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा की। नए नियम के तहत अब शनिवार को स्कूल केवल आधे दिन तक संचालित होंगे और टिफिन ब्रेक के बाद सभी छात्रों की छुट्टी कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से अभिभावकों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों की ओर से शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई की मांग की जा रही थी। हाल ही में बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठा था। इसके बाद शिक्षा विभाग को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि यह निर्णय राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की भावना के अनुरूप लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों पर पढ़ाई का संतुलित दबाव रहे और उन्हें खेल, रचनात्मक गतिविधियों तथा परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने गृह जिले मुंगेर के दौरे पर थे। असरगंज में राजकीय डिग्री कॉलेज के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब राज्य के सभी स्कूलों में शनिवार को केवल आधे दिन की कक्षाएं लगेंगी। टिफिन ब्रेक के बाद बच्चों को घर भेज दिया जाएगा। इस घोषणा का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के विस्तार को लेकर एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने का लक्ष्य तय किया है। अब तक बिहार में 211 डिग्री कॉलेज शुरू किए जा चुके हैं और असरगंज में 212वें डिग्री कॉलेज का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में राज्य के सभी बीएड कॉलेजों में भी डिग्री कॉलेज संचालित किए जाएंगे, जिससे छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।












Be First to Comment