Press "Enter" to skip to content

बिहार में कमजोर पड़ा मानसून, 23 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट; 31 जुलाई तक उमस और गर्मी से राहत नहीं

बिहार में मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। इसी के चलते मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 23 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी, गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

वहीं, राज्य के बाकी 15 जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। दिनभर धूप निकलने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। राजधानी पटना में भी बादलों की आवाजाही के बावजूद उमस और गर्मी बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, आज शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश या फुहार पड़ सकती है।

हालांकि दोपहर में तेज धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा, जबकि शाम के समय मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। बीते 24 घंटों के दौरान नालंदा, जहानाबाद, बेगूसराय, औरंगाबाद, बगहा, अररिया और सुपौल में बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कई जिलों में बादल छाए रहे और तेज हवाएं भी चलीं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय बिहार में मानसूनी ट्रफ की स्थिति बार-बार बदल रही है। इसके कारण वातावरण में नमी बनी हुई है, लेकिन पूरे राज्य में एक साथ व्यापक बारिश नहीं हो रही। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी और उमस बढ़ जाती है, जबकि बाद में स्थानीय स्तर पर बादल बनने से कई इलाकों में अचानक तेज बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने लगती हैं। यही वजह है कि कुछ ही घंटों में मौसम पूरी तरह बदल जाता है।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 29, 30 और 31 जुलाई के दौरान भी बिहार में मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और तेज हवा चल सकती है। हालांकि फिलहाल पूरे राज्य में व्यापक और लगातार बारिश के संकेत नहीं हैं। अधिकांश जिलों में बीच-बीच में धूप निकलने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रहेगी।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *