नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार के गोपालगंज जिले में साफ दिखाई देने लगा है। गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए ग्रामीण अपने परिवार, मवेशियों और जरूरी सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि नेपाल में बारिश का सिलसिला जारी रहा और गंडक नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा, तो कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट सकता है। ऐसी स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों की पढ़ाई और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रभावित हो सकती हैं। लोगों ने प्रशासन से समय रहते राहत एवं बचाव के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
खाप मकसूदपुर गांव के अधिकांश परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं। यहां दूध उत्पादन और पशुपालन ही आजीविका का प्रमुख साधन है। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही पशुपालकों की चिंता भी बढ़ गई है। ग्रामीण अपने मवेशियों को ऊंचे स्थानों पर ले जाने के साथ-साथ उनके लिए चारे और सुरक्षित ठिकानों की व्यवस्था करने में जुटे हैं। कई परिवारों ने घर का आवश्यक सामान भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है।














Be First to Comment