बिहार में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और अन्य मौसमी प्रणालियों के असर से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 जुलाई को उत्तर-पूर्व बिहार के पूर्णिया जिले में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई इलाकों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज होने की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान लगाया गया है। कई जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। अगले दो दिनों में इसके और मजबूत होने की संभावना है। वहीं मानसून की अक्षीय रेखा भी बिहार से होकर गुजर रही है, जिससे राज्य में लगातार नमी पहुंच रही है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जो बारिश की गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है।












Be First to Comment