बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। संग्रामपुर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मंगलवार रात परोसे गए भोजन में कथित तौर पर छिपकली मिलने के बाद कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। भोजन करने के कुछ ही देर बाद छात्राओं ने पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत की, जिसके बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय प्रशासन ने बिना देर किए बीमार छात्राओं को संग्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने सभी छात्राओं का प्राथमिक उपचार शुरू किया। इनमें छह छात्राओं को निगरानी में रखकर इलाज किया जा रहा है, जबकि अन्य छात्राओं की स्थिति सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में रात का भोजन परोसा जा रहा था। इसी दौरान भोजन में छिपकली दिखाई दी। हालांकि तब तक कई छात्राएं खाना खा चुकी थीं। कुछ ही समय बाद कई बच्चियों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। इससे छात्रावास में हड़कंप मच गया और शिक्षिकाओं ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के अनुसार भर्ती सभी छात्राओं की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है ताकि किसी तरह की जटिलता होने पर तत्काल उपचार दिया जा सके।











Be First to Comment