बिहार के भोजपुर जिले की सरथुआ पंचायत के मुखिया राकेश सिंह ने अपनी पांच वर्षीय बेटी प्रिंसी राज के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए एक अनूठी सामाजिक पहल की है। उन्होंने अपनी निजी 18 कट्ठा जमीन महादलित और गरीब परिवारों को दान कर दी है। इस जमीन के दान से उन जरूरतमंद परिवारों का घर बनाने का सपना पूरा होने की उम्मीद है, जिनके पास वर्षों से अपनी जमीन नहीं थी।
राकेश सिंह ने बताया कि उन्होंने बेटी के जन्मदिन को केवल एक पारिवारिक उत्सव तक सीमित न रखकर इसे समाज के नाम समर्पित करने का फैसला लिया। उनका कहना है कि किसी भी व्यक्ति के लिए सबसे बड़ी सुरक्षा उसका अपना घर होता है। यदि उनकी जमीन किसी गरीब परिवार के जीवन में स्थायी बदलाव ला सकती है तो इससे बड़ी खुशी उनके लिए कोई नहीं होगी।
मुखिया राकेश सिंह ने कहा कि इस पहल से दर्जनों जरूरतमंद परिवारों को अपना आशियाना बनाने का अवसर मिलेगा। उनका मानना है कि यदि समाज का हर सक्षम व्यक्ति किसी जरूरतमंद परिवार का सहारा बने तो बेघर होने की समस्या काफी हद तक कम की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।











Be First to Comment