मुजफ्फरपुर शहर के वार्ड संख्या 38 के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। हाथी चौक से चैपमैन स्कूल जाने वाली लंबे समय से जर्जर और जलजमाव की समस्या से प्रभावित मुख्य सड़क पर अब ढलाई का कार्य शुरू हो गया है। इस मौके पर पूर्व वार्ड पार्षद इकबाल कुरैशी ने बताया कि यह सड़क पहली बार वर्ष 2007 में उनके कार्यकाल में बनी थी, लेकिन हाथी चौक की मुख्य सड़क ऊंची होने के बाद यहां जलजमाव की समस्या बढ़ गई, जिसके समाधान के लिए नगर निगम से नई योजना स्वीकृत कराई गई।


उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तबादलों और संवेदक के भुगतान में देरी के कारण कार्य में विलंब हुआ, लेकिन अब वार्ड की इस महत्वपूर्ण ‘ड्रीम रोड’ का निर्माण हो रहा है, जिससे क्षेत्र के लगभग 70 प्रतिशत लोगों, चैपमैन स्कूल की छात्राओं और आसपास के कई नर्सिंग होम आने-जाने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि सड़क की मजबूती बनाए रखने के लिए कम से कम एक सप्ताह तक इस पर वाहन न चलाएं और नियमित रूप से पानी का पटवन करें।
वहीं पूर्व विधायक विजेंद्र चौधरी ने कहा कि चैपमैन स्कूल रोड शहर का अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। उन्होंने इस कार्य के लिए पूर्व वार्ड पार्षद इकबाल कुरैशी के प्रयासों की सराहना करते हुए संवेदक और स्थानीय नागरिकों का धन्यवाद दिया तथा सभी से सड़क की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए उसकी देखरेख और समय पर पानी पटाने में सहयोग करने की अपील की। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद वर्षों पुरानी जलजमाव और गड्ढों की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगा।











Be First to Comment