उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क को नई रफ्तार देने वाली बहुप्रतीक्षित कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन गंगा पुल परियोजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। परियोजना का करीब 99.8 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अगले सप्ताह इसके उद्घाटन की संभावना जताई जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, पुल का उद्घाटन बिदुपुर साइड से किया जाएगा। संभावना है कि 14 से 17 जुलाई के बीच मुख्यमंत्री इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लोकार्पण कर सकते हैं। हालांकि, उद्घाटन की आधिकारिक तिथि की घोषणा अभी नहीं की गई है।
पुल के उद्घाटन को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभाग पूरी तरह सक्रिय हैं। कार्यक्रम स्थल के चयन, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं, ताकि उद्घाटन समारोह सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
गुरुवार को पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने वैशाली प्रशासन, बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड (BSRDCL) और निर्माण एजेंसी एल एंड टी (L&T) के अधिकारियों के साथ परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बिदुपुर से मथुरा तक पुल और उससे जुड़े निर्माण कार्यों का जायजा लिया।










Be First to Comment