Press "Enter" to skip to content

मुजफ्फरपुर में सहिला–रामपुर–नर्मा सड़क की स्थिति बदहाल, झूठी रिपोर्ट पर इंजीनियरों के खिलाफ FIR की मांग

मुजफ्फरपुर जिले के सहिला–रामपुर–नर्मा सड़क की बदहाल स्थिति अब प्रशासनिक शिकायत से आगे बढ़कर कानूनी लड़ाई का रूप ले चुकी है. सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र राजद के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार ने रामपुर हरि थाना, डीएसपी पूर्वी, एसएसपी और डीजीपी को ई-मेल के माध्यम से आवेदन भेजकर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. उनका आरोप है कि सड़क की वास्तविक स्थिति छिपाने के लिए अधिकारियों ने सरकारी रिकॉर्ड में भ्रामक और तथ्यहीन रिपोर्ट भेजी है.

अमरेन्द्र कुमार ने बताया कि उन्होंने राज्य सरकार के सहयोग पोर्टल पर सहिला–रामपुर–नर्मा सड़क की जर्जर हालत और करीब ढाई वर्षों से अनुरक्षण कार्य नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के बाद ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए प्रतिवेदन में दावा किया गया कि सड़क पंचवर्षीय अनुरक्षण अवधि में है, मरम्मत कार्य कराया जा रहा है और एक सप्ताह के भीतर काम पूरा कर लिया जाएगा.

हालांकि शिकायतकर्ता का कहना है कि विभाग के इस दावे की वास्तविकता जानने के लिए जब उन्होंने सड़क का स्थल निरीक्षण किया तो वहां किसी प्रकार का प्रभावी मरम्मत कार्य नहीं मिला. उनके अनुसार सड़क पहले की तरह ही गड्ढों से भरी हुई है और लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उनका आरोप है कि विभाग ने शिकायत को बंद कराने और अपनी जिम्मेदारी से बचने के उद्देश्य से जिला प्रशासन को गलत और भ्रामक रिपोर्ट भेजी.

अमरेन्द्र कुमार ने अपने आवेदन में कहा है कि सरकारी अभिलेखों में गलत जानकारी दर्ज कर न केवल जिला प्रशासन को गुमराह किया गया, बल्कि आम जनता के साथ भी धोखा किया गया है. उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए, सड़क का दोबारा स्थल निरीक्षण कराया जाए और यदि विभागीय प्रतिवेदन झूठा साबित होता है तो संबंधित कार्यपालक अभियंता तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.

Share This Article
More from ADMINISTRATIONMore posts in ADMINISTRATION »
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *