बिहार की राजधानी पटना आने वाले पर्यटकों के लिए जल्द ही एक नया और शानदार पर्यटन अनुभव शुरू होने जा रहा है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम शहर भ्रमण को पहले से अधिक आरामदायक, आधुनिक और यादगार बनाने की तैयारी में है। इसके तहत अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस लग्जरी कैरावैन बसों के जरिए पर्यटक पूरे दिन पटना के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस पैकेज में सड़क यात्रा के साथ गंगा में स्पीड बोट राइड का विकल्प भी मिलेगा, जिससे राजधानी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को एक नए अंदाज में देखने का अवसर मिलेगा।
पर्यटन निगम की ओर से तैयार किए गए इस विशेष “पटना दर्शन” पैकेज के तहत सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक पर्यटक एयर कंडीशन्ड लग्जरी कैरावैन में शहर की सैर कर सकेंगे। यात्रा के दौरान तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा, बिहार म्यूजियम, बापू टावर, गोलघर, सभ्यता द्वार समेत पटना के कई प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यदि पर्यटक चाहें तो जेपी गंगा पथ स्थित दीघा घाट पर रुककर गंगा में स्पीड बोट राइड का रोमांच भी ले सकेंगे। हालांकि इसके लिए अलग से शुल्क देना होगा।














Be First to Comment