Press "Enter" to skip to content

बिहार के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: दिसंबर तक मिलेंगी आधुनिक पैसेंजर ट्रेनें, ‘नो-जर्क’ तकनीक से होगा आरामदायक सफर

पूर्व मध्य रेल के यात्रियों को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नई डिजाइन वाली पैसेंजर ट्रेनों का तोहफा मिलने वाला है। रेलवे की योजना दिसंबर तक दो जोड़ी नई पैसेंजर ट्रेन रैक उपलब्ध कराने की है। इन ट्रेनों में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, आधुनिक टॉयलेट, वॉश बेसिन, महिला कोच में सीसीटीवी कैमरे और ‘नो-जर्क’ तकनीक जैसी कई सुविधाएं मिलेंगी।

रेलवे के अनुसार, नई रैक सबसे पहले पूर्व मध्य रेल के पटना मंडल में उपलब्ध कराई जाएगी। इन ट्रेनों का डिजाइन यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अब पैसेंजर ट्रेनों में भी वे सुविधाएं मिलेंगी, जो अब तक मुख्य रूप से एक्सप्रेस ट्रेनों में देखने को मिलती थीं।

नई पैसेंजर ट्रेनों के प्रत्येक कोच में मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, आधुनिक कमोड टॉयलेट और वॉश बेसिन की सुविधा होगी। अब लंबी दूरी की यात्रा के दौरान यात्रियों को टॉयलेट की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही सफर के दौरान मोबाइल चार्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

महिला यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए महिला कोचों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की निगरानी कंट्रोल रूम और सुरक्षा एजेंसियां करेंगी, जिससे असामाजिक तत्वों पर नजर रखना आसान होगा और महिला कोच में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर हो सकेगी। नई रैक में एडवांस कपलिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है। इससे ट्रेन के चलने, रुकने या गति पकड़ने के दौरान झटके काफी कम महसूस होंगे। ‘नो-जर्क’ तकनीक यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सहज और आरामदायक यात्रा का अनुभव देगी।

नई ट्रेनों में साउंड-इन्सुलेशन तकनीक भी दी गई है, जिससे पटरियों और पहियों की आवाज बोगी के अंदर काफी कम सुनाई देगी। इसके अलावा बेहतर वेंटिलेशन, एलईडी लाइटिंग, आधुनिक इंटीरियर और आरामदायक सीटें यात्रियों के सफर को और अधिक सुखद बनाएंगी। रेलवे की योजना दिसंबर तक दो जोड़ी नई डिजाइन वाली पैसेंजर ट्रेन रैक उपलब्ध कराने की है। इन ट्रेनों के संचालन से पटना और आसपास के जिलों के लाखों दैनिक यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा। रेलवे का उद्देश्य अब पैसेंजर ट्रेनों को भी एक्सप्रेस ट्रेनों जैसी सुविधाओं से लैस करना है।

Share This Article
More from BIHARMore posts in BIHAR »
More from MUZAFFARPURMore posts in MUZAFFARPUR »
More from NewsMore posts in News »
More from PATNAMore posts in PATNA »
More from STATEMore posts in STATE »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *