खगड़िया जिले से सरकारी स्कूलों में मिलने वाले मिड-डे मील की व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है. महेशखूंट थाना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद करीब 25 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. बच्चों के बीमार पड़ने की खबर मिलते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में अभिभावक मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगे.
मामला पकरैल पंचायत के प्राथमिक विद्यालय सुखदेव सुमन साह लेबा का है. बताया जा रहा है कि स्कूल में मंगलवार दोपहर बच्चों को मध्याह्न भोजन परोसा गया था. आरोप है कि खाने में खराब चावल और कीड़े लगे सोयाबीन का इस्तेमाल किया गया था. खाना खाने के कुछ देर बाद ही कई बच्चों को परेशानी शुरू हो गई.
परिजनों के अनुसार, खाना खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों को चक्कर आने लगे. कई बच्चों को उल्टी की शिकायत हुई और कुछ बच्चे बेहोश होने की स्थिति में पहुंच गए. इसके बाद स्कूल में मौजूद शिक्षकों के बीच भी हड़कंप मच गया.
आनन-फानन में बीमार बच्चों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्चों का इलाज शुरू किया. अस्पताल में बच्चों की जांच और निगरानी की गई.









Be First to Comment