बिहार में एक BPSC शिक्षिका को लेकर पारिवारिक विवाद सामने आया है. मुजफ्फरपुर में नियुक्त शिक्षिका के पति और उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि नौकरी मिलने के बाद शिक्षिका का व्यवहार बदल गया और उन्होंने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया. अब यह मामला शिक्षा विभाग से लेकर न्यायालय तक पहुंच गया है.
पति पक्ष ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच की मांग की है. आरोप लगाया गया है कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के दौरान शिक्षिका ने अपनी वैवाहिक स्थिति को लेकर गलत जानकारी दी थी. हालांकि शिक्षिका ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उन्होंने रिश्ते को बचाने की कोशिश की थी, लेकिन मामला अब कोर्ट में विचाराधीन है.
जानकारी के अनुसार, यह मामला जौनपुर निवासी प्रवीण कुमार विश्वकर्मा और उनकी शिक्षिका पत्नी से जुड़ा है. प्रवीण कुमार का दावा है कि दोनों की शादी 2 दिसंबर 2022 को हुई थी. शादी के बाद पत्नी ने BPSC शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी शुरू की थी, जिसमें ससुराल पक्ष ने भी उनका सहयोग किया.
इसके बाद जुलाई 2023 में आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-1) में शिक्षिका को सफलता मिली. नवंबर 2023 में उनकी नियुक्ति मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय दहटोला पहसौल में हुई.
पति और परिवार का आरोप है कि सरकारी नौकरी मिलने के बाद शिक्षिका के व्यवहार में बदलाव आने लगा. धीरे-धीरे उन्होंने पति और ससुराल वालों से दूरी बना ली. परिवार का कहना है कि पहले बातचीत कम हुई और बाद में संबंध लगभग खत्म हो गए.
पति पक्ष के मुताबिक, अप्रैल 2025 में प्रवीण कुमार मुजफ्फरपुर पहुंचे और पत्नी से साथ रहने की बात कही, लेकिन शिक्षिका ने उनके साथ रहने से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया.
इस मामले में पति पक्ष ने एक और गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के दौरान शिक्षिका ने खुद को अविवाहित बताया, जबकि उस समय उनकी शादी हो चुकी थी. परिवार ने इसे विभाग को गलत जानकारी देने का मामला बताते हुए जांच की मांग की है.
प्रवीण विश्वकर्मा के बड़े भाई गुरु प्रसाद विश्वकर्मा ने DEO कार्यालय में आवेदन देकर कहा है कि अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो यह भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी गंभीर अनियमितता हो सकती है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
वहीं शिक्षिका ने अपनी सफाई में कहा है कि पति-पत्नी के बीच मतभेद को सुलझाने के लिए उन्होंने कई बार प्रयास किया था, लेकिन रिश्ते को संभालने की कोशिश नहीं की गई. उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में चल रहा है, इसलिए वह अपनी बात कोर्ट के सामने रखेंगी.







Be First to Comment