मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा में शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शहर के गोशाला के पास एनएच 106 पर तड़के करीब 5 बजे हुआ। हाइवा की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। मरने वाले सभी कार में सवार थे और आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मृतकों की पहचान मधेपुरा शहर के वार्ड 20 गुलजारबाग निवासी अशोक साह का पुत्र सोनू कुमार (35), वार्ड 13 मस्जिद चौक निवासी सुबोध साह का पुत्र साहिल (32) के रूप में की गई। एक युवक की पहचान उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के आनंदपुरा बाराही निवासी जयप्रकाश यादव के बेटे साजन यादव (28) के रूप में की गई है।

पत्नी ने दिया बेटे को जन्म, दोस्तों के साथ अस्पताल जा रहा था सोनू
बताया जा रहा है कि मृतक सोनू की गर्भवती पत्नी शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती है। रात में प्रसव हुआ था। बेटे के जन्म लेने के बाद जच्चा- बच्चा के स्वस्थ रहने से वह बेहद उत्साहित था। उसके तीन दोस्त भी उसके साथ थे।

सोनू कंप्यूटर ठीक करने का काम करता था। रात में उसे पता चला कि उसका कोई जानने वाला मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा के स्वस्थ रहने के कारण वे चारों दोस्त कार में सवार होकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल जाने लगे। सुबह करीब पांच बजे एनएच 106 गोशाला के पास हाइवा और कार की जबरदस्त टक्कर हो गई।

कार हाइवा में फंस कर घसीटा गई। हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। कार सवार चारों दोस्तों की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवा छोड़कर चालक फरार हो गया। हादसे में मौत का शिकार हुआ साहिल ठेकेदारी करता था। मृतक साजन मधेपुरा में रहकर मेडिकल दुकान, लैब और सैलून चलाता था।















Be First to Comment