बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के 2 महीने बाद जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर फिर से सक्रिय हो गए हैं। पीके शुक्रवार को जहानाबाद पहुंचे और पटना के हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा के परिजन से मिले।

छात्रा की मौत पर उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का ऐलान किया। पीके ने कहा कि इसके लिए अदालत में जाना पड़े, सीएम से मिलना पड़े या सड़क पर बैठना पड़े, जो करना पड़े वो करेंगे।

प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पीड़ित परिवार के साथ गलत हुआ है। उन्हें पुलिस और प्रशासन से मदद नहीं मिल रही है। परिवार के लोगों का आरोप है कि थानेदार धमका रहे हैं। उन पर केस को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।

पीके ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जो कार्रवाई की जानी है, वो करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि इस मामले में सही कार्रवाई होगी और दोषियों को पकड़ा जाएगा। अगर ऐसा नहीं होगा तो दूसरे रास्ते खुले हुए हैं। पुलिस की जिम्मेदारी है कि इस मामले की नए सिरे से जांच करे। उन्होंने छात्रा की मां को आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में पटना एसएसपी से उनकी बात कराएंगे।
क्या है मामला
दरअसल, पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में बीते दिनों नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा कमरे में बेहोश पाई गई थीं। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसकी बीते रविवार को मौत हो गई। पुलिस ने शुरुआत में इसे आत्महत्या का मामला बताया।

हालांकि, परिजन ने आरोप लगाया कि उसके साथ हॉस्टल में रेप हुआ और फिर हत्या कर दी गई। छात्रा जहानाबाद जिले के शकूराबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली थी।











Be First to Comment